इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हंगामा: भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना, दुनिया की नजरों में भारत को बदनाम करने की बताई साजिश
इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हंगामे को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है.


Published : February 20, 2026 at 8:06 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 9:46 PM IST
हजारीबाग/रांची: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए हंगामे पर बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने हजारीबाग में कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर यूथ कांग्रेस ने यह हंगामा किया है. समिट में 40 बड़ी कंपनियां आई थीं और दुनिया भर के 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष मौजूद थे.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दुनिया की नजरों में भारत को बदनाम किया है. इससे बड़ी बेशर्मी और कोई नहीं हो सकती. कांग्रेस सबसे निचले स्तर पर गिर गई है. राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, देश को नीता दिखाते हैं. देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी. कांग्रेस ने अपने कुकुर्मों को दिखाया है. इससे बड़ी बेशर्मी की बात और कुछ नहीं हो सकती. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का सिर ऊंचा करने का काम कर रहे हैं. भारत का नाम हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस के डीएनए में भारत का विरोध
प्रदेश भाजपा ने इस बहाने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसकी निंदा करते हुए कांग्रेस पार्टी की जमकर आलोचना की है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के इशारे पर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत जिस प्रकार का आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ( एआई) के अंतरराष्ट्रीय समिट में कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं के द्वारा किए गए नग्न प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को धूमिल किया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के डीएनए में ही भारत का विरोध है. देश विभाजन को स्वीकार करने से लेकर आज तक कांग्रेस का इतिहास भारत के विरोध से भरा पड़ा है.
कांग्रेस पार्टी ने नीचता की हद पार कर दी - बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नीचता की हद पार कर दी है. उन्होंने कहा कि जिस सम्मेलन में आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भारत की बदलती छवि, प्रसिद्धि, संभावनाओं पर दुनिया गर्व कर रही, उस स्थान पर कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के द्वारा छद्म प्रतिनिधि के रूप में घुसकर नग्न प्रदर्शन करना यह बतलाता है कि कांग्रेस पार्टी को भारत की प्रगति पसंद नहीं है. इससे पहले भी विदेश की धरती पर भारत की छवि को खराब करने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. कांग्रेस पार्टी को यह बतानी चाहिए कि इस तरह की हरकत करने से उनका क्या मिलती है. आज कांग्रेस पार्टी के नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और खड़गे को लोगों को बतानी चाहिए कि इस प्रकार के हरकत से उन्हें क्या लाभ मिलने वाला है. इससे कांग्रेस की छवि नहीं बनने वाली है, बल्कि कांग्रेस की छवि और बिगड़ने वाली है और देश की छवि को बिगाड़ने की जो लोग कोशिश कर रहे हैं वह खुद अपनी छवि बिगाड़ रहे हैं.
दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में हुए "इंडिया AI इम्पैक्ट समिट" के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. सुरक्षा घेरा तोड़कर कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ नारे लगाए और अपनी टी-शर्ट दिखाकर प्रदर्शन किया. जिससे कार्यक्रम में हड़कंप मच गया.
कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे. विरोध प्रदर्शन के समय, समिट में देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे. यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अचानक बैनर और पोस्टर लेकर मुख्य हॉल में पहुंच गए. सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें परिसर से बाहर निकाला.
यह भी पढ़ें:
AI समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन, पीएम मोदी के खिलाफ लगाए नारे
कांग्रेस और बीजेपी ने किया जारी घोषणा पत्र, धनबाद और बोकारो में आला नेताओं का लगा जमावड़ा
झारखंड सरकार अपने प्रत्याशी को जीताने के लिए हर हथकंडा अपनाने को तैयार, बीजेपी नेता ने बोला हमला

