झारखंड से लगातार गायब हो रहे बच्चे, पर नहीं दर्ज हो रही एफआईआरः अरुण सिंह
पलामू में भाजपा नेता अरुण सिंह ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा है. साथ ही उन्होंने बच्चों के गायब उठाने का मामला उठाया.

Published : February 14, 2026 at 6:36 PM IST
पलामूः झारखंड से बच्चे गायब हो रहे हैं और पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है. हजारों की संख्या में बच्चे गायब हैं. बच्चों की चिंता झारखंड के मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों को नहीं है. यह बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने पलामू में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही. अरुण सिंह पलामू दौरे पर हैं और निकाय चुनाव को लेकर समीक्षा कर रहे हैं.
भाजपा नेता अरुण सिंह ने कहा कि गायब हो रहे बच्चों को लेकर झारखंड सरकार गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठन से जुड़े लोग जब आंदोलन करते हैं, तब सरकार दबाव में आती है और बच्चों को खोजती है. उन्होंने कहा कि आज भी झारखंड से हजारों की संख्या में बच्चे गायब हैं. एक-एक साथ 11-11 बच्चे गायब हो रहे हैं.
सबसे अधिक झारखंड से गायब हो रहे बच्चेः अरुण सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में सबसे अधिक झारखंड से बच्चे गायब हो रहे हैं. अरुण सिंह ने कहा कि झारखंड की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है. उन्होंने कहा कि जब राजधानी रांची में भी हालात खराब हैं तो पूरे राज्य की क्या हालत होगी यह सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है.
अरुण सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी अपराधी और तस्कर घटना को अंजाम देने से पहले 10 बार सोचता है. भाजपा नेता अरुण सिंह ने कहा कि झारखंड में लगातार बच्चों की चोरी हो रही है और तस्करी हो रही है. गांव से लेकर शहर तक डर का माहौल है.
एपस्टीन फाइल मामले में कही ये बात
वहीं जेफ्री एपस्टीन फाइल पर पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि यह कोई मुद्दा नहीं है. हरदीप पुरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे क्लियर कर दिया है.वहीं निकाय चुनाव में एक से अधिक प्रत्याशी के सवाल पर अरुण सिंह ने कहा कि बड़ा परिवार है. कई लोग इस तरह करते हैं, लेकिन गलती का एहसास होने पर वह वापस भी होते हैं. ऐसे मामलों में पार्टी कार्रवाई भी कर सकती है.
इस दौरान पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में 2018-19 में 129 करोड़ रुपये खर्च हुए है. इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रभारी पूर्व मंत्री भानुप्रताप शाही, स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह समेत कई नेता मौजूद थे.
ये भी पढ़ें-
बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाह पर प्रशासन की सख्ती, 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित
झारखंड नगर निकाय चुनाव: बीजेपी ने पलामू प्रमंडल की सभी सीटों पर लगाई ताकत, गिरिडीह में हटाए गए बैनर
नगर निकाय चुनाव के नामांकन की समय सीमा खत्म, दिलचस्प होगा मुकाबला, प्रत्याशियों ने किया जीत का दावा

