ETV Bharat / state

बंगाल में हिंसा-भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता देगी जवाब, प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार: अरुण सिंह

बंगाल में चुनाव की गर्माहट के बीच बीजेपी ने सूबे में जीत का दावा किया है.

BJP National General Secretary Arun Singh
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : December 30, 2025 at 6:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इस बार बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी मेजोरिटी और प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी. उन्होंने यह बयान रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दिया. अरुण सिंह ने बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं की दुर्दशा, ममता बनर्जी की राजनीति और छत्तीसगढ़ में खदान व जंगल कटाई जैसे मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी.

बंगाल में भी इतिहास बनाने का दावा

अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए असंभव कुछ भी नहीं है. उन्होंने हरियाणा, असम और ओडिशा का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में भी कभी भाजपा की गिनती कुछ सीटों तक सीमित थी, लेकिन आज वहां पूर्ण बहुमत की सरकारें हैं. उन्होंने कहा, ''बंगाल में पहले भाजपा की तीन सीटें आई थीं, फिर 77 सीटें जीतीं. इस बार जनता पूरी तरह तैयार है और भाजपा की सरकार बनना तय है.''

पश्चिम बंगाल चुनाव पर अरुण सिंह का बयान (ETV BHARAT)

''टीएमसी की हिंसा और करप्शन से त्रस्त है बंगाल''

अरुण सिंह ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंसा और भ्रष्टाचार चरम पर है. उन्होंने कहा, ''बंगाल जैसी हिंसा और करप्शन पूरे देश में कहीं नहीं है. टीएमसी के अत्याचार से जनता परेशान और त्रस्त है और यही गुस्सा चुनाव में बाहर आने वाला है.''

''भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले, लेकिन पूरा देश साथ खड़ा''

बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों को लेकर अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता एक परिवार की तरह है. उन्होंने कहा, ''बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पूरे देश के कार्यकर्ता खड़े हैं. टीएमसी के अत्याचार पर इस बार जनता बहुत बड़ा करारा प्रहार करेगी.''

''तुष्टिकरण की राजनीति ने बंगाल को बर्बादी की ओर धकेला''

अरुण सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि एक वर्ग को खुश करने के लिए सरकार आंखें मूंदे बैठी है. उन्होंने आरोप लगाया कि ''आज बंगाल में बाबरी मस्जिद बन रही है और यह सब सरकार के संरक्षण में हो रहा है, जिसे ममता बनर्जी रोक नहीं पाईं.''

''जंगल, खदान और विकास, एकतरफा सोच से नहीं चलेगा प्रदेश''

छत्तीसगढ़ में खदानों और जंगल कटाई के मुद्दे पर बोलते हुए अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार का दृष्टिकोण हॉलिस्टिक है. उन्होंने कहा,''एक तरफ पर्यावरण संरक्षण जरूरी है, दूसरी तरफ ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधारना भी उतना ही जरूरी है. जब प्रदेश के पास राजस्व आएगा तभी सड़क, अस्पताल, स्कूल और पानी जैसी सुविधाएं मिलेंगी.''

अरुण सिंह के बयान साफ संकेत देते हैं कि भाजपा पश्चिम बंगाल को आगामी चुनाव का सबसे बड़ा रणक्षेत्र मान रही है. हिंसा भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और विकास जैसे मुद्दों को जोड़ते हुए भाजपा जनता के बीच यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि बंगाल में बदलाव तय है और इस बार सत्ता परिवर्तन होकर रहेगा.

मनरेगा से जीराम जी तक सियासी संग्राम: गांधी नाम, राम काम और दिग्विजय पर भाजपा का तीखा वार

निर्माण कार्य की गुणवत्ता के मामले में किसी तरह का नहीं होगा समझौता : अरुण साव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा: आगडीह हवाई पट्टी पर भव्य स्वागत, जशक्राफ्ट हस्तशिल्प की सराहना