BJP राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का पहला बिहार दौरा, 23 दिसंबर को करेंगे रोड शो
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन बिहार दौरे पर आ रहे हैं. रोड शो कर हनुमान मंदिर, अंबेडकर व जयप्रकाश प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे.

Published : December 20, 2025 at 5:23 PM IST
पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन नई जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार बिहार आ रहे हैं. उनका पटना दौरा 23 दिसंबर को होगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर है.
नई जिम्मेदारी के बाद पहला घरेलू दौरा: नितिन नबीन को हाल ही में भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. बिहार के लोकप्रिय विधायक और पूर्व मंत्री के रूप में उनकी यह नई भूमिका पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह पैदा कर रही है. बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस दौरे की जानकारी दी है.
कार्यकर्ताओं को बेसब्री से इंतजार: संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के लाल नितिन नबीन को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है. विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता पटना पहुंचकर उनके स्वागत में शामिल होंगे.
संगठन की मजबूती पर फोकस: नए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अपनी जिम्मेदारी पर कहा कि पार्टी ने जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे. बिहार में संगठन को और मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की बात सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. पार्टी के अंदर समन्वय बनाए रखना भी मुख्य लक्ष्य रहेगा.
रोड शो का रूट और कार्यक्रम: नितिन नबीन 23 दिसंबर को दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक भव्य रोड शो आयोजित किया गया है. रोड शो के दौरान उनका काफिला बेली रोड होते हुए राजवंशी नगर हनुमान मंदिर पहुंचेगा, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद पटना हाई कोर्ट के पास बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. फिर इनकम टैक्स गोलंबर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा.
अभिनंदन समारोह का आयोजन: माल्यार्पण के बाद नितिन नबीन सीधे मिलर हाई स्कूल पहुंचेंगे, जहां हजारों कार्यकर्ता पहले से मौजूद रहेंगे. यहां भव्य अभिनंदन समारोह होगा. कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.
बिहार भाजपा के लिए गौरव का क्षण: संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नबीन का यह दौरा बिहार भाजपा के लिए ऐतिहासिक है. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और पटना की सड़कों पर रोड शो के जरिए पार्टी अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेगी. विभिन्न जिलों से आने वाले कार्यकर्ता इस समारोह को यादगार बनाएंगे.
“बिहार के लाल नितिन नबीन को पार्टी ने बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है. कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है, कार्यकर्ता नितिन नबीन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.”- संजय सरावगी, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
ये भी पढ़ें:
कौन हैं BJP के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन, बांकीपुर से 5 बार के विधायक.. जानिए सबकुछ
बंगाल की पिच पर पारी खेलेंगे नितिन नबीन! जानिए BJP का 'मिशन भद्रलोक' का पूरा प्लान

