Bhilwara MP 2 Years Work : अबतक क्या किया और अगले तीन साल में क्या होगा ? सांसद दामोदर अग्रवाल ने दिया 'हिसाब'
भाजपा सांसद ने गिनाई अपने 2 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां. बोले- जो मेरी प्राथमिकता थी, वह पहले साल में ही रखी सरकार के सामने...

Published : May 31, 2026 at 2:13 PM IST
|Updated : May 31, 2026 at 2:25 PM IST
भीलवाड़ा: सांसद दामोदर अग्रवाल ने अपने 2 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि रेलवे, एयर कनेक्टिविटी, रोड कनेक्टिविटी, रोजगार सृजन व टेक्सटाइल पार्क सहित कई दिशा में काम किया. मेरी चुनाव के समय प्राथमिकता और वादे थे, वो एक-दो साल में सरकार के सामने रखे हैं. कई का धरातल पर क्रियान्वयन शुरू हो चुका है और अब बाकी के तीन वर्ष के कार्यकाल में तमाम काम धरातल पर उतारूंगा, जिससे जनता को राहत मिलेगी.
भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि आम जन की व्यक्तिगत समस्या की सुनवाई के लिए भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में सांसद जनसंवाद केंद्र स्थापित किया. मैं जब भी भीलवाड़ा रहता हूं जनसंवाद केंद्र पर सैकड़ों लोग आते हैं. उनकी समस्या सुनकर निदान का प्रयास करता हूं. वहीं, मैं कोशिश करता हूं कि एक भी काम पेंडिंग नहीं रहे. मेरे इस प्रयोग के कारण हजारों लोग अब तक लाभान्वित हुए हैं. भविष्य में भी यह जनसुनवाई जारी रहेगी.
मेरे द्वारा भीलवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार से संबंधित विषय हैं, उन सभी डिपार्टमेंट में मैंने प्रस्ताव रखे हैं. जिसमें रेलवे, रोड कनेक्शन के साथ ही रोजगार की स्थापना के लिए टेक्सटाइल पार्क की स्थापना हो, ताकि नए रोजगार का सृजन हो सके. इसी के साथ मैं प्रयास कर रहा हूं कि भीलवाड़ा का ईएसआई हॉस्पिटल केंद्र सरकार के अधीन जाए, जिसको लेकर मैंने हाल ही में प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की है.
सांसद ने कहा कि चुनाव के समय मैंने जनता से जो वादे किए 100 प्रतिशत मेरे कार्यकाल में पूर्ण करूंगा. कई काम प्रारंभ हो चुके हैं. अजमेर से चंदेरिया तक रेलवे लाइन का काम जिसके लिए 1634 करोड़ रुपए की घोषणा हुई. इस योजना का धरातल पर काम शुरू हो चुका है. जिसमें 300 करोड़ रुपए धरातल पर खर्च हो चुके हैं. रेलवे लाइन डबल होने पर हमें कई ट्रेनों की सौगात मिलेगी. भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन को अमृत भारत रेलवे स्टेशन के तहत और बेहतर करने का काम किया.
रेलवे स्टेशन पर एरिया कम है. मैं चाहता हूं कि रेलवे स्टेशन पर जो रिजर्वेशन की बिल्डिंग है, उसको डिमोलिशन कराया जाए, जिससे स्टेशन पर यात्रियों को सुविधा मिले. भीलवाड़ा को अब तक अनेक सौंगातें मिली हैं. भीलवाड़ा में आरओबी की सख्त जरूरत है, जिसकी स्वीकृति होकर डीपीआर बन चुकी है. अब उसका वर्क ऑर्डर होगा. मैं उम्मीद करता हूं कि आगामी 2 वर्ष में आरओबी बनकर पूर्ण हो जाएगा.
वहीं, हनुमान बेनीवाल द्वारा मुख्यमंत्री पर अशोभनीय टिप्पणी को लेकर सांसद ने कहा कि ऐसी भाषा को लोकतंत्र में कोई स्वीकार नहीं करता है. मैं इसकी निंदा करता हूं. जिसने भी यह शब्द बोले हैं, उनसे निवेदन है कि लोकतंत्र में उच्च आदर्शों की पालना करनी चाहिए. हनुमान बेनीवाल भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं. हमें एक दूसरे को प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए.
सांसद की प्रमुख उपलब्धियां :
- रोड कनेक्टिविटी के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों की चौड़ाइकरण की मांग थी, उस दिशा में काम आगे बढ़ रहा है.
- एयर कनेक्टिविटी के लिए हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर कामर्शियल उड़ान की मांग की थी. हाल ही में अर्जुन राम मेघवाल ने भी अवलोकन किया.
- रेल कनेक्टिविटी के लिए भीलवाड़ा चंदेरिया रेलवे लाइन डबलीकरण का काम जारी है.
- भीलवाड़ा के ईएसआई हॉस्पिटल को केंद्र सरकार के अधीन करने की मांग मुख्यमंत्री के समझ रखी.
- भीलवाड़ा शहर में आरओबी की सख्त आवश्यकता है, जिससे शहर वासियों को राहत मिल सके. उस दिशा में काम आगे बढ़ा है. डीपीआर बन चुकी है, 2 साल में आरओबी बनकर तैयार हो जाएगा.
- टेक्सटाइल पार्क के लिए प्रदेश सरकार ने जमीन आरक्षित की है.

