ETV Bharat / state

अपराध भूमि बन रही देवभूमि, कानून व्यवस्था बनाए रखने में कांग्रेस फेल- अनुराग ठाकुर

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा.

BJP MP Anurag Thakur
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर (ANI)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : April 13, 2026 at 5:31 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में कॉलेज जाती 19 साल की छात्रा की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सरकार की विफलता के चलते आज देवभूमि में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि ये देवभूमि को अपराध भूमि बनाने पर तुले हैं.

"शांत प्रदेश हिमाचल आज आज कांग्रेस सरकार की विफल नीतियों व नाकामी के कारण अपराध व अप्रिय घटनाओं का दंश झेल रहा है. यह देखना अत्यंत दुखद है कि हिमाचल में हिंसक घटनाओं की बाढ़ आ गई है." - अनुराग ठाकुर, सांसद

'हर मोर्चे पर विफल कांग्रेस सरकार'

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की कॉलेज जाते समय निर्मम तरीके गला रेत कर की गई हत्या अत्यंत दुखद है और इसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है. इस घटना ने न सिर्फ पढ़ने के लिए घर से बाहर निकलने वाली बहन-बेटियों को डराया है, बल्कि पूरे प्रदेश में सभी को असुरक्षा के भाव से भर दिया है. उन्होंने कहा कि हिमाचल में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से मन आहत है. हिमाचल की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हुई है. खासकर कानून व्यवस्था के धराशायी होने से राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. अपराधी बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दे रहे और जिम्मेदार चैन की बंशी बजा रहे हैं. हिमाचल में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ सरकार के इकबाल को चुनौती है. आज हिमाचल के लोगों के मन में घर करती असुरक्षा की भावना चिंताजनक है और बढ़ते अपराध ये दर्शाते हैं कि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है.

3 साल में 5947 आपराधिक मामले

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि अपराधियों पर लगाम कसने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है. हिमाचल में बीते 3 साल की बात करें तो बलात्कार, दुर्व्यवहार, अपहरण, नशा तस्करी जैसे मामलों की बाढ़ आ गई है. देवभूमि हिमाचल प्रदेश में तीन साल के अंतराल में हत्या के 270 मामले सामने आए हैं और इसी अवधि में दुष्कर्म के मामलों की संख्या भी एक हजार से ज्यादा है. इसी अवधि में अपहरण के 1540 मामले रिकॉर्ड किए गए. सभी तरह के अपराधों में तीन साल की अवधि में 31 जनवरी 2026 तक अपराध के कुल 5947 केस सामने आए हैं. इस प्रकार औसतन हर साल मर्डर के 70 व सभी तरह के अपराधों की सालाना औसत दो हजार से ज्यादा है. आज प्रदेश में कांग्रेस सरकार के राज में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और जनता में डर का माहौल है.

"हाल की घटनाओं में ऊना में वीभत्स गोलीकांड में हत्या, सोलन में शूलिनी यूनिवर्सिटी के पास सरेआम पिस्टल से कई राउंड फायरिंग, चिंतपूर्णी में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेकाबू भीड़ ने तोड़फोड़ मचा कर शासन सत्ता को चुनौती देने का काम किया था. मगर इसका भी सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा. धर्मशाला की बेटी पल्लवी के दुखद निधन ने प्रदेश को शोक से भर दिया था. हिमाचल में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ ने साबित कर दिया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में कांग्रेस पूरी तरह से फेल है." - अनुराग ठाकुर, सांसद

ये भी पढ़ें: कॉलेज जा रही छात्रा की बेरहमी से हत्या, बीच सड़क गला काटकर उतारा मौत के घाट

ये भी पढ़ें: सरकाघाट छात्रा हत्याकांड मामले में ग्रामीणों ने पकड़ा संदिग्ध, युवक के पास से दराट बरामद