कांग्रेस सरकार की विफलता से देवभूमि बन रही अपराध भूमि, प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद: अनुराग ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में बढ़ते अपराध पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 4, 2026 at 3:29 PM IST
|Updated : January 4, 2026 at 8:26 PM IST
शिमला: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल में बढ़ती अपराध की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते प्रदेश की वर्तमान सरकार पर जमकर निशाना साधा है. भाजपा सांसद ने कहा कि, प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विफलता के चलते आज देवभूमि में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि ये देवभूमि को अपराध भूमि बनाने पर तुले हैं.
'सरकार की विफलता से देवभूमि बन रही अपराध भूमि'
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, "शांत प्रदेश हिमाचल आज कांग्रेस सरकार की विफल नीतियों व नाकामी के कारण अपराध एवं अप्रिय घटनाओं का दंश झेल रहा है. यह देखना अत्यंत दुखद है कि हिमाचल में हिंसक घटनाओं की बाढ़ आ गई है. हिमाचल में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से मन आहत है और इन घटनाओं के पीड़ितों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. धर्मशाला की बेटी का दुखद निधन कष्टदायी घटना है और शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. इस प्रकरण उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर घटना के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सरकार को करनी चाहिए."
'प्रदेश में अअपराधियों के हौसले बुलंद'
अनुराग ठाकुर ने कहा कि, हिमाचल की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हुई है, खासकर कानून व्यवस्था के धराशायी होने से राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. अपराधी बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दे रहे और जिम्मेदार चैन की बंशी बजा रहे हैं. हिमाचल में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ सरकार को चुनौती है. आज हिमाचल में आम नागरिकों के अंदर घर करती असुरक्षा की भावना चिंताजनक है और बढ़ते अपराध ये दर्शाते हैं कि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है.
'हिमाचल में 2025 में दुष्कर्म के 363 केस दर्ज'
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि, दुष्कर्म के मामलों में हिमाचल में पिछले वर्ष 363 केस दर्ज किए गए हैं, जो 2024 में दर्ज कुल 305 रेप केस से 19.02 परसेंट ज़्यादा हैं. राज्य में किडनैपिंग और एबडक्शन के केस 2024 में 453 के मुकाबले 2025 में बढ़कर 533 हो गए, जो लगभग 17.7 परसेंट की बढ़ोतरी दिखाता है. आज प्रदेश में कांग्रेस सरकार के राज में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और जनता में डर का माहौल है.
नशे को लेकर 2025 में 1,967 केस दर्ज
इसके साथ ही भाजपा सांसद ने कहा कि, आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि अपराधियों पर लगाम कसने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है. हिमाचल में पिछले एक वर्ष की बात करें तो दुष्कर्म, दुर्व्यवहार, अपहरण, नशा तस्करी जैसे मामलों की बाढ़ आ गई और इन घटनाओं में 6 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी देखी गई है. 2025 में पूरे प्रदेश में विभिन्न अपराधों के कुल 17,385 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि यही संख्या 2024 में 16,393 थी. नशा को लेकर हिमाचल में पिछले वर्ष 1,967 केस दर्ज किए गए जोकि 2024 में दर्ज 1,537 केस से लगभग 28 फीसदी ज्यादा हैं.
ये भी पढ़ें: धर्मशाला छात्रा मौत मामला: ऐसी घटनाओं का सामने आना शर्मनाक, निष्पक्ष जांच करे सरकार- जयराम ठाकुर
ये भी पढ़ें: धर्मशाला छात्रा मौत मामले में सरकार सख्त, शिक्षा मंत्री ने बनाई हाई-लेवल जांच कमेटी, 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

