राहुल-दीपक मुलाकात: बढ़ा राज्य का राजनीतिक पारा, बोली बीजेपी- 'कालनेमि प्रवृति स्वीकार नहीं'
मोहम्मद दीपक और राहुल गांधी की मुलाकता को बीजेपी विधायक विनोद चमोली ने उत्तराखंड में कांग्रेस की तुष्टिकरण की कोशिश बताया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 23, 2026 at 6:48 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड कोटद्वार बाबा दुकान विवाद से सुर्खियों में आए मोहम्मद दीपक से कांग्रेस के सीनियर नेता और सांसद राहुल गांधी ने 23 फरवरी को दिल्ली में मुलाकात की. राहुल गांधी ने दीपक की पत्नी और बेटी से भी फोन पर बात की. दीपक और राहुल गांधी की मुलाकात ने एक बार फिर राज्य का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है. BJP ने इस मुलाकात को कांग्रेस की तुष्टीकरण की रणनीति बताया है.
बीजेपी विधायक और पार्टी प्रवक्ता विनोद चमोली ने मोहम्मद दीपक और राहुल गांधी की मुलाकात पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि जो भी दीपक से मोहम्मद दीपक बन जाता है, कांग्रेस उसका सम्मान करती है. राज्य के लोग कालनेमि प्रवृति और उसे बढ़ावा देने वालों को कभी स्वीकार नहीं करेगी. सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने ऐसे ट्रेंड को देवभूमि की डेमोग्राफी और शांति के लिए खतरनाक बताया.
विनोद चमोली ने सवाल किया कि जिस राहुल गांधी से मिलने के लिए कांग्रेस के सीनियर नेता लाइन में लगते हैं, लोग सालों तक इंतजार करते हैं, और कुछ तो पार्टी छोड़ भी देते हैं. ऐसे में आज राहुल गांधी का थोड़ी सी चर्चा के बाद मोहम्मद दीपक को गले लगाना और उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर दिखाना, एक तरह से उत्तराखंड में तुष्टीकरण को बढ़ावा देना है. उनका मैसेज साफ है, जो भी दीपक से मोहम्मद बनेगा, वही उनके लिए हीरो है.
जिस तरह से यहां डेमोक्रेसी पहले से बदल रही है, वह राज्य के लिए चिंता की बात है. कोटद्वार की घटना में दिल्ली में कांग्रेस के बड़े नेताओं की गैर-जरूरी टिप्पणियां और एक्टिविज्म इस बात का साफ इशारा है कि कांग्रेस पार्टी यहां डेमोक्रेसी को कमजोर करने की कोशिश कर रही है.
- विनोद चमोली, BJP प्रदेश प्रवक्ता -
उन्होंने कहा कि इस पूरे मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस द्वारा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से जिस तरह प्रचार किया जा रहा है, उससे सवाल उठता है कि वे क्या कहना चाहती है कि जो दीपक कश्यप से मोहम्मद दीपक बन जाएगा वह उनके लिए आदरणीय और नेतृत्वकर्ता साबित होगा.
आखिर कांग्रेस किस तरफ इस प्रदेश को ले जाना चाहते हैं? यदि उत्तराखंड के देवत्व को बचाना है तो कांग्रेस को पूरी तरह हटाना होगा और आने वाले समय में जनता यह करने वाली है, क्योंकि जिस तरह कांग्रेस का आलाकमान और स्थानीय नेता तुष्टिकरण को बढ़ावा देने और प्रदेश की डेमोग्राफी खराब करना चाहते हैं, उसे यहां की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी. भाजपा जनता के सहयोग से किसी भी कीमत पर कांग्रेस पार्टी की इस मंशा को सफल नहीं होने देंगे.
- विनोद चमोली, BJP प्रदेश प्रवक्ता -
राहुल गांधी कोटद्वार आएंगे: दिल्ली में राहुल गांधी से मिलने के बाद मोहम्मद दीपक ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया है. राहुल गांधी ने कोटद्वार आने का भी वादा किया है. दीपक के मुताबिक राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि वह उनके जिम की मेंबरशिप लेंगे.
बाबा शॉप विवाद क्या है? यह घटना 26 जनवरी 2026 की है. कोटद्वार में बाबा ड्रेसेस नाम की एक दुकान है, जिसके मालिक शोएब अहमद हैं. हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ताओं ने दुकान का नाम बाबा होने पर एतराज़ जताया और मालिक से इसे बदलने को कहा है. तभी बाबा दुकना के पास में जिम चलाने वाले दीपक कुमार वहां पहुंचे हैं.
शोएब अहमद का सपोर्ट करने आए दीपक कुमार की हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं से बहस हो गई थी. एक व्यक्ति ने दीपक कुमार से उनका नाम पूछा, तो दीपक ने जवाब दिया था कि उनका नाम 'मोहम्मद दीपक' है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस घटना के कुछ दिनों बाद हिंदू संगठनों के कुछ कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंचे, जिससे विवाद और बढ़ गया. विपक्षी पार्टियों ने भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया. इस घटना के बाद राहुल गांधी ने मोहम्मद दीपक को नेशनल हीरो तक कह दिया. वहीं आज राहुल गांधी ने दीपक से मुलाकात भी की.
पढ़ें---

