छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी पद्मावती की फोटो वॉशरूम पर लगाने से बवाल, अब सामने आया सच!
हरियाणा के फरीदाबाद के सीकरी के मिलन बैंक्विट हाल के वॉशरूम में शिवाजी और रानी पद्मावती की तस्वीर होने से इनकार किया गया है.

Published : February 23, 2026 at 5:26 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 5:45 PM IST
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद के सीकरी के मिलन बैंक्विट हाल के वॉशरूम में छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी पद्मावती की तस्वीर लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसके बाद महाराष्ट्र समेत देश में सियासत गर्मा गई है और इसका विरोध किया जा रहा है. वहीं बैंक्विट हाल के मालिक टिपरचंद ने ऐसी कोई तस्वीर वॉशरूम में लगाने से इनकार कर दिया है.
वीडियो पर बवाल: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि फरीदाबाद के सीकरी इलाके में बने मिलन बैंक्विट हाल में वॉशरूम के बाहर मेल फीमेल एरिया को चिन्हित करने वाली जगह के ठीक पीछे छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी पद्मावती की फोटो लगाई हुई है. इस वीडियो के सामने आने के बाद बवाल बढ़ गया क्योंकि बैंक्विट हॉल के मालिक हरियाणा में बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा के भाई टिपर चंद है.
रामदास अठावले ने की कार्रवाई की मांग : वहीं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने इस वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "छत्रपति शिवाजी महाराज जी का अपमान महाराष्ट्र कभी सहन नहीं करेगा. महाराज केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की अस्मिता, स्वाभिमान और प्रेरणा के स्रोत हैं. उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करना पूरे महाराष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी पद्मावती जी की तस्वीरें वॉशरूम के ‘मेल–फीमेल’ बोर्ड के पास लगाई हुई दिखाई दे रही हैं. ये मामला बेहद गंभीर और अपमानजनक है. संबंधित हॉल प्रबंधन तुरंत प्रभाव से इन तस्वीरों को हटाए और सार्वजनिक माफी मांगे. अगर फौरन कार्रवाई नहीं हुई तो रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और कानूनी व लोकतांत्रिक तरीके से उचित कदम उठाएंगे. समाज के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा."
छत्रपति शिवाजी महाराज जी का अपमान महाराष्ट्र कभी सहन नहीं करेगा। महाराज केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की अस्मिता, स्वाभिमान और प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करना पूरे महाराष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुँचाना है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे…
— Ramdas Athawale (@RamdasAthawale) February 23, 2026
वॉशरूम के बाहर घोड़े की तस्वीर : वायरल वीडियो विवाद पर मिलन बैंक्विट हॉल मालिक और बीजेपी विधायक के भाई टिपरचंद ने बताया कि ये वीडियो उनके बैंक्विट हॉल का नहीं है. उन्हें कुछ फोटो व्हाट्सएप पर भेजते हुए कहा कि उनके बैंक्विट हॉल के वॉशरूम के बाहर घोड़े की तस्वीर लगी हुई है. उन्होंने कहा कि इस इलाके के अवैध बैंक्विट हॉल पर प्रशासन इन दिनों कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त कर रहा है. इसी बात से गुस्साए किसी शख्स ने उनके बैंक्विट हॉल का नाम विवाद में घसीट दिया है. जबकि सच्चाई में ऐसा कुछ है ही नहीं. हालांकि उन्होंने कैमरे पर सफाई देने के बारे में पूछने पर कहा कि वे फिलहाल शहर से बाहर हैं. हालांकि उन्होंने मिलन बैंक्विट हॉल के वॉशरूम की तस्वीर जरूर शेयर की है जिसमें वॉशरूम वाले एरिया में घोड़ों की तस्वीरों को देखा जा सकता है.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : IDFC FIRST बैंक में घोटाले को लेकर हरियाणा विधानसभा में जोरदार हंगामा, कांग्रेस विधायकों ने की नारेबाज़ी
ये भी पढ़ें : 'मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है… मुझे बचा लो' , सुहानी के थे ये आखिरी शब्द, रोते हुए बोली मां

