बीजेपी विधायक ने रोडवेज बस और ऑटो में किया सफर, हरियाणावासियों से की ईंधन बचाने की अपील
शुक्रवार को जींद में बीजेपी विधायक देवेंद्र अत्री ने काफिला छोड़ कर हरियाणा रोडवेज बस में सफर किया. लोगों से भी ईंधन बचाने की अपील.

Published : May 15, 2026 at 5:50 PM IST
जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से ईंधन बचत और संसाधनों के सीमित उपयोग की अपील की थी. इसका असर हरियाणा में अब दिखाई देने लगा है. पीएम मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अपील की बाद मंत्री और बीजेपी विधायक सरकारी काफिलों की जगह अब सावर्जनिक परिवहन और सीमित वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. शुक्रवार को जींद में बीजेपी विधायक देवेंद्र अत्री ने भी काफिला छोड़ कर हरियाणा रोडवेज बस में सफर किया.
बीजेपी विधायक ने बस में किया सफर: दरअसल जींद में जनता दरबार लगाकर बीजेपी विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनी. पीएम मोदी की अपील पर अमल करते हुए उन्होंने हरियाणा रोडवेज की बस में सफर किया. इस दौरान उन्होंने सवारियों से बातचीत की. इसके बाद उचाना के पालवां बस स्टैंड से बीजेपी विधायक ऑटो में पीडल्ब्यूडी विश्राम गृह जनता दरबार में पहुंचे.
ऑटो में भी किया सफर: इस दौरान बीजेपी विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से जो आह्वान किया है, उसके समर्थन में जींद से बस में उचाना आना हुआ. हमारा दायित्व बनता है कि राष्ट्रहित में जो भी होगा. उसमें आगे बढ़ेंगे. कोरोना जैसी महामारी को भी पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हराया है. हम आश्वसत हैं, पीएम नरेंद्र मोदी ने जो ईंधन बचाने की अपील की है. पूरा देश पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन कर रहा है."
हरियाणा के लोगों से भी ईंधन बचत की उम्मीद: बीजेपी विधायक ने हरियाणा के लोगों से भी ईंधन बचाने, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल, बस और ट्रेनों से सफर करने की अपील की. उन्होंने कहा कि "देश में पहली बार ऐसा हुआ है, जब कोई पीएम दो गाड़ियों के काफिले के साथ निकले हो. हमें पूरा विश्वास है. जो ये लड़ाई है. उसको हम जीतेंगे. ये सब नियमित रूप से होना चाहिए. साइकिल का इस्तेमाल करना चाहिए. लंबी दूरी ना हो, तो पैदल भी जा सकते हैं."

