"जिन उम्मीदवारों से सीधा संबंध नहीं, उनकी जीत को भी अपना बता रही कांग्रेस" भाजपा नेता ने कसा तंज
नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस के जीत के दावों पर भाजपा विधायकों ने तंज कसते हुए सुक्खू सरकार पर साधा निशाना.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 18, 2026 at 7:53 PM IST
|Updated : May 18, 2026 at 8:22 PM IST
हमीरपुर/बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे जीत के दावों पर भाजपा विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता आशीष शर्मा और भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है. आशीष शर्मा ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि जब चुनाव से पहले ही मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के प्रत्याशी खड़े न करने की बात कही थी, तो अब पार्टी किस आधार पर जीत का दावा कर रही है.
"यह हास्यास्पद स्थिति है कि कांग्रेस उन उम्मीदवारों की जीत को भी अपनी जीत बता रही है, जिनसे उसका सीधा संबंध ही नहीं है. कांग्रेस जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, जबकि वास्तविकता में भाजपा को व्यापक समर्थन मिला है." - आशीष शर्मा, हमीरपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता
विधानसभा चुनाव 2027 में 60 सीटें जीतने का दावा
हमीरपुर के चमनेड वार्ड में भाजपा प्रत्याशी रोहित शर्मा उर्फ हैप्पी पहलवान के समर्थन में डोर-टू-डोर प्रचार के दौरान आशीष शर्मा ने दावा किया कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को जिला परिषद और नगर निगम चुनावों में भी दोहराया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में डटे हैं और जनता तक सरकार की उपलब्धियां और विकास कार्य पहुंचा रहे हैं. हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के तीनों वार्डों में भाजपा प्रत्याशी सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं और लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं. उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में 60 सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.
जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर निकालने का बनाया मन
वहीं, बिलासपुर सदर से भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं और किसानों से किए वादों को पूरा नहीं किया, जिसके चलते अब प्रदेश की जनता धीरे-धीरे कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है. उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले कांग्रेस ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने और किसानों की समस्याओं को दूर करने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद जनता को सिर्फ निराशा हाथ लगी है. महिलाएं अपने वादों के पूरा होने का इंतजार कर रही हैं, जबकि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है. किसानों और बागवानों को भी कांग्रेस सरकार से कोई राहत नहीं मिली है.
"नगर निकाय चुनावों के परिणाम ये साबित करते हैं कि जनता अब कांग्रेस सरकार की नीतियों से परेशान हो चुकी है और भाजपा पर विश्वास जता रही है. प्रदेशभर में नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिला समर्थन आने वाले चुनावों का संकेत है. भाजपा विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे भी काम करती रहेगी." - त्रिलोक जम्वाल, भाजपा विधायक, बिलासपुर

