MLA Fund : काम के बदले कमीशन का आरोप, मंत्री खर्रा ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, बेनीवाल ने कही ये बड़ी बात
राजस्थान के 3 विधायकों पर एमएलए फंड में भ्रष्टाचार के आरोप पर सियासत गर्मा गई है.

Published : December 14, 2025 at 12:13 PM IST
|Updated : December 14, 2025 at 12:23 PM IST
जोधपुर/नागौर : भाजपा, कांग्रेस और एक निर्दलीय विधायक के विधायक कोष राशि के कार्यों के एवज में कथित तौर पर कमीशन लेने के आरोप ने राजनीतिक हलके में हलचल मचा रखी है. इस बीच जोधपुर में मौजूद उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से जब इसके बारे में पूछा गया तो उनका कहना है कि तथ्यात्मक जो भी होगा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है. हम विधानसभा की सदाचार समिति के समक्ष कार्रवाई के लिए प्रस्ताव रखेंगे, राजनीतिक पार्टियों को भी इस पर कार्रवाई करनी चाहिए. वहीं, नागौर सांसद और रालोपा सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं.
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भाजपा विधायक, कांग्रेस विधायक और निर्दलीय विधायक कोष की राशि से होने वाले विकास कार्यों के काम देने के बदले कमीशन की सौदेबाजी कर रहे हैं. इसके वीडियो भी वायरल हो रहे हैं. रविवार सुबह जोधपुर सर्किट हाउस से रवाना हो रहे उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से जब इसको लेकर सवाल किया तो इससे बचते हुए सिर्फ इतना कहा कि जो भी आवश्यक होगा कार्रवाई करेंगे.
पढ़ें. MLA Fund Misuse : भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस विधायक अनीता जाटव की जांच करेगी पार्टी
कार्रवाई होनी चाहिए : नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा से रविवार को जोधपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों ने मीडिया रिपोर्ट पर सवाल किया तो उनका कहना था कि यह लोकतंत्र में दुर्भाग्यपूर्ण है. सोशल मीडिया पर जिन विधायकों के वीडियो फोटो चल रहे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए. विधानसभा की सदाचार समिति के समक्ष हम कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भी रखेंगे. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी एक राजनीतिक पार्टी का विधायक विधानसभा में सवाल पूछने को लेकर रिश्वत लेते हुए पकड़ा जा चुका है. राजनीतिक पार्टियों को भी अपने-अपने विधायकों पर कार्रवाई करनी चाहिए.
डबल इंजन की सरकार कर रही विकास कार्य : उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के 2 साल में जो विकास कार्य हुए हैं वह कांग्रेस के 5 साल के कार्यों से भी अधिक हैं. हमारी डबल इंजन की सरकार लगातार प्रदेश के हित में काम कर रही है. परिवहन विभाग प्रदेश की सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए काम कर रहा है. लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वह सुरक्षा का ध्यान रखें. नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
बेनीवाल ने ये कहा : सांसद बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान से भ्रष्टाचार मिटाना है तो RLP की सरकार बनवा दो 1 घंटे में भ्रष्टाचार खत्म कर दूंगा. उन्होंने भजनलाल शर्मा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सारे भ्रष्टाचारियों को तो उन्होंने आसपास बिठा लिया है तो भ्रष्टाचार रुकेगा कैसे? उन्होंने आरोप लगाया कि नागौर में अवैध माइनिंग हो रही है और हर माइन से 20 से 40 हजार रुपए मंथली बांधी जा रही है. इसमें 5 हजार संबंधित थाना 5 हजार एसडीएम, 5 हजार एमएलए और 5 हजार इनका अलग होकर 20 हजार से 40 हजार पर माइन का कमीशन है.
पढ़ें. डोटासरा की चुनौती पर खींवसर का तंज, बोले- मुख्यमंत्री फ्री नहीं, जानिए विधायक क्यों हुए नाराज
बीजेपी और कांग्रेस ने गठबंधन कर लिया : हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने भ्रष्टाचार में भी गठबंधन कर लिया है. दोनों ने मिलजुल कर राजस्थान को 70 साल लूटा है. उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी का नारा है, न खाऊंगा न खाने दूंगा. दूसरी तरफ यह कह रहे हैं कि हम खाएंगे और जमकर खाएंगे, जो करना है कर लेना. बेनीवाल ने मांग कि है कि इन तीनों विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और इनकी गिरफ्तारी हो. जल्द से जल्द इस पर फैसला आए ताकि कोई भी चुना हुआ प्रतिनिधि ऐसी हिमाकत फिर से न करे.
तीनों विधायकों के खिलाफ सरकार करवाए एफआईआर : सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि इस तरीके के भ्रष्टाचार में लिप्त विधायकों के वीडियो आना प्रदेश के लिए बेहद शर्मनाक बात है. प्रदेश में भाजपा के 2 वर्ष होने के बाद इस तरीके के वीडियो सामने आना भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा को दर्शाता है. इसमें भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय विधायक शामिल हैं.

