ETV Bharat / state

विधायक निधि नहीं मिलने से भाजपा विधायक दल चिंतित, DPR स्वीकृत कराने की मांग

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि, सपक्खू सरकार ने अक्टूबर महीने के बाद से विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी नहीं की है.

BJP Legislature Party Meeting
भाजपा विधायक दल की बैठक (@JairamThakur)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 6, 2026 at 8:13 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: विधायक प्राथमिकता बैठक से पहले शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की अहम बैठक हुई. इस बैठक में फैसला लिया गया कि आज (शुक्रवार, 6 फरवरी को) सचिवालय में आयोजित होने वाली विधायक प्राथमिकता की बैठकों में भाजपा विधायक मजबूती से अपना पक्ष रखने की तैयारी में हैं. इस दौरान भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि बैठक में विधायक दल ने विधायक क्षेत्र विकास निधि और ऐच्छिक निधि जारी न होने पर गहरी चिंता जाहिर की है.

राज्यपाल से मुलाकात करेंगे भाजपा विधायक दल के नेता

रणधीर शर्मा ने बताया कि, हिमाचल भाजपा विधायक दल शुक्रवार सुबह 9:30 बजे प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से मुलाकात करेगा. विधायक दल राज्यपाल से मांग करेगा कि विधायकों की रोकी जा रही निधि को जल्द से जल्द दोबारा शुरू करवाया जाए. इसके साथ ही भाजपा विधायक दल ने शुक्रवार और शनिवार को होने वाली विधायक प्राथमिकता की बैठक में जोर-शोर से अपने मुद्दे उठाने की बात कही है. हाल ही में सरकार द्वारा पंचायत चुनावों को टालने के प्रयासों पर भी विधायक दल ने गंभीर चिंता व्यक्त की और इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताया.

रणधीर शर्मा ने कहा कि, "विधायक दल ने इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया है कि प्रदेश सरकार ने अक्टूबर महीने के बाद से विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी नहीं की है. इस वित्तीय वर्ष में भी केवल आधी विधायक निधि जारी की गई है, जबकि शेष निधि रोक दी गई है. बजट में प्रावधान होने के बावजूद निधि रोकना विधायकों और प्रदेश की जनता-दोनों के साथ अन्याय है. विधायक क्षेत्र विकास निधि का उपयोग सीधे विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों और आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए होता है, लेकिन सरकार ने उसे भी बाधित कर दिया है."

'विपक्षी विधायकों के क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित '

रणधीर शर्मा ने कहा कि, ऐच्छिक निधि, जिससे गरीब मरीजों के इलाज और जरूरतमंद परिवारों की सहायता की जाती थी, उसे भी सरकार ने बंद कर दिया है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को सीधा नुकसान हो रहा है. सरकार ने अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में विपक्षी विधायकों की प्राथमिकताओं को स्वीकृति के लिए आगे नहीं भेजा. यहां तक कि उन कार्यों की DPR तक तैयार नहीं की गई. इससे विपक्षी विधायकों के क्षेत्र के विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं.

BJP legislative party meeting
भाडपा विधायक दल की अहम बैठक (@Himachal BJP)

राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी भाजपा

रणधीर शर्मा ने बताया कि, सुबह 9:30 बजे भाजपा का समूचा विधायक दल नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल से मिलेगा और ज्ञापन सौंपेगा. ज्ञापन के जरिए विधायक क्षेत्र विकास निधि और ऐच्छिक निधि तुरंत जारी करने, विधायक प्राथमिकताओं की DPR बनाने और उन्हें नाबार्ड को भेजकर स्वीकृत कराने की मांग की जाएगी, ताकि विपक्षी विधायकों के क्षेत्रों में भी विकास कार्य आगे बढ़ सके. रणधीर शर्मा ने कहा कि, भाजपा विधायक इन सभी मुद्दों को योजना बैठकों और अन्य मंचों पर जोरदार ढंग से उठाएंगे. साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी सीधे मांग करेंगे कि निधियां जल्द से जल्द जारी की जाए और विभागों को DPR तैयार करने के निर्देश दिए जाएं.

ये भी पढ़ें: 'सिर्फ हिमाचल नहीं, 17 राज्यों की ग्रांट हुई बंद, RDG पर भ्रम फैला रही कांग्रेस'

ये भी पढ़ें: इंटरनेट को लेकर अफसरशाही के लिए राहत की खबर, हिमाचल में अफसरों को सुक्खू सरकार ने दी ये सहूलियत