ETV Bharat / state

BJP ने खड़े किए सवाल- 'दिल्ली हिमाचल भवन और सदन पर पुलिस रेड, RDG मांगने गए थे या RAID'

हिमाचल सदन पर पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, BJP ने निष्पक्ष जांच की मांग की है.

BJP leader Sudhir Sharma
भाजपा नेता सुधीर शर्मा (@SudhirSharma)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 22, 2026 at 7:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: दिल्ली स्थित हिमाचल भवन और हिमाचल सदन में शनिवार (21 फरवरी) रात दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर भारतीय जनता पार्टी ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है. भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि संबंधित प्रतिनिधि आरडीजी (Revenue Deficit Grant, RDG) की मांग करने गए थे या किसी और उद्देश्य से दिल्ली गए थे, क्योंकि घटनाक्रम ने कई शंकाएं खड़ी कर दी हैं.

हिमाचल सदन पर पुलिस रेड पर BJP ने खड़े किए सवाल

भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि, "कुछ दिन पहले हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली गया था, जहां कांग्रेस आलाकमान नेताओं से RDG के मुद्दे पर चर्चा की जानी थी. ऐसे समय में इस तरह की कार्रवाई होना कई सवालों को जन्म देता है. 'दाल में कुछ काला है' जैसी स्थिति प्रतीत होती है. रेड को राजनीतिक रंग देना कांग्रेस की मंशा उजागर करता है. प्रदेश की जनता सच्चाई जानना चाहती है और पूरे मामले की पारदर्शी जांच आवश्यक है."

पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग

सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि, युवा कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस घटनाक्रम को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस 'आग में घी डालने' का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि, बिना तथ्यों के बयानबाजी करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है और यह 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे' जैसी स्थिति पैदा कर रही है. भाजपा नेता ने कहा कि, लोकतंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है, इसलिए इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और जनता का विश्वास कायम रहे. दिल्ली हिमाचल भवन पर पुलिस रेड

ये भी पढ़ें: डिप्टी CM की बड़ी चेतावनी, हिमाचल पर ₹10 हजार करोड़ का संकट!

ये भी पढ़ें: 'PM का विरोध या देश का अपमान?', AI समिट विवाद पर जयराम ने कांग्रेस को घेरा