ETV Bharat / state

शिल्पा शेट्टी की मौजूदगी में विवाद: पुलिसकर्मी की शिकायत पर भाजपा नेता सत्तू बालिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पुलिसकर्मी की शिकायत पर नयापुरा थाना पुलिस ने सत्तू बालिता के खिलाफ राजकाज में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है.

case against BJP leader
भाजपा नेता बालिता के खिलाफ मामला दर्ज (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 8:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: राजस्थान में कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जेके पवेलियन स्टेडियम में कोटा प्रीमियर लीग का आयोजन किया गया था, यहां अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी आईं थीं. इस दौरान एसोसिएशन के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा उर्फ 'सत्तू बालिता' का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया. भाजपा नेता सत्तू बालिता और अन्य लोगों पर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, महिला पुलिसकर्मियों से अभद्र भाषा में बातचीत करने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है.

बताया जा रहा है कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया था. पुलिसकर्मी की शिकायत पर नयापुरा थाना पुलिस ने सत्तू बालिता के खिलाफ राजकाज में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज किया है. सत्तू बालिता भाजपा जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं.

कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि स्टेडियम में प्रतियोगिता के दौरान अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया था. इस प्रकरण में पुलिस लाइन से गई टीम की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. दर्ज मुकदमे में सत्तू बालिता और अन्य लोगों के खिलाफ पुलिसकर्मियों की शिकायत पर कार्रवाई की गई है. सत्तू बालिता का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं किया है. उन्होंने बताया कि जब शिल्पा शेट्टी पहुंची थीं, तब धक्का-मुक्की और भीड़भाड़ हो गई थी. उन्होंने किसी से गाली-गलौज और मारपीट नहीं की है. किसी तरह का कोई मुकदमा दर्ज होने की सूचना भी नहीं है.

पढ़ें: कोटा में IPL की तर्ज पर KPL, रणजी व IPL प्लेयर होंगे शामिल

महिला पुलिसकर्मी से गाली-गलौज: दर्ज मुकदमे में पुलिसकर्मियों ने बताया है कि वे करीब एक दर्जन पुलिसकर्मी एक मार्च को जेके पवेलियन स्टेडियम में वीआईपी ड्यूटी पर तैनात थे. इस दौरान शिल्पा शेट्टी वहां पहुंच गई थीं. बताया गया कि लोग मंच के नजदीक जाने की कोशिश कर रहे थे. महिला हेड कॉन्स्टेबल समेत सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मौजूद थे. शाम करीब साढ़े तीन बजे जब शिल्पा शेट्टी मंच पर पहुंचीं, तो उन्हें नजदीक से देखने के लिए लोग पास जाने लगे.

पुलिसकर्मी लोगों को समझाइश देकर दूर कर रहे थे. इसी दौरान सत्तू बालिता अपने साथ दो-तीन अन्य लोगों के साथ पुलिसकर्मियों के पास आए और विरोध करने लगे. आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला हेड कॉन्स्टेबल के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दीं. इसके बाद एक पुलिसकर्मी के गाल पर दो थप्पड़ मार दिए गए. साथ आए लोगों ने भी गाली-गलौज करते हुए अन्य पुलिस कर्मियों की वर्दी पकड़ ली और धक्के देकर पीछे धकेल दिया.