BJP नेता ने अपने ही MLA पर लगाया करप्शन का आरोप, विधायक ने भी दिया मजेदार जवाब
देहरादून जिले में बीजेपी के एक बड़े नेता ने अपने ही विधायक पर भ्रष्टाचार जैसा गंभीर आरोप लगाया है, जिसका विधायक ने भी जवाब दिया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 5, 2026 at 5:04 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड में बीजेपी की मुश्किलें विपक्ष से ज्यादा अपने ही नेताओं ने बढ़ा रखी है. अंकिता भंडारी हत्याकांड में जहां बीजेपी अपने ही नेताओं से सवालों से घिरी हुई है, तो वहीं अब बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने अपने गृह क्षेत्र की विधानसभा सीट में करोड़ों के भ्रष्टाचार आरोप अपने ही विधायक और सरकार पर लगाया है.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम शरण नौटियाल ने विकासनगर नगर पालिका में डाली गई सीवर लाइन में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक हैं कि इस सीवर लाइन को बिछाने के कुछ दिन बाद ही सड़कें धंसने लगी हैं. सड़कों पर अपने आप गड्ढे बन रहे हैं. कई जगह तो बिछाए गए पाइप लीकेज हो रहे हैं.
उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की कीमत 533 करोड़ रुपए है, और इससे नाराज स्थानीय लोग अब इस परियोजना पर धांधली का आरोप लगा रहे हैं. लोगों द्वारा की जा रही शिकायत के आधार पर भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने इस योजना को लेकर अपने ही पार्टी के नेताओं पर बड़ा गंभीर आरोप लगाया है.
रामशरण नौटियाल कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से कमीशनखोरी हुई है. उन्होंने इशारों-इशारों में विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि कमीशन खोरी तो क्षेत्र में चल रही हर योजना में हो रही है.
रामशरण नौटियाल के आरोपों पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद नरेश बंसल का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता को सरकार या स्थानीय विधायक पर इस तरह के आरोप लगाने से पहले तथ्यों की जांच कर लेनी चाहिए. इस तरह से आरोप लगाने से बेहतर है कि वह सरकार में या फिर पार्टी फोरम में अपनी बात रखें.
उन्होंने कहा कि बिना तथ्य के कोई आरोप नहीं लगाना चाहिए और यदि कोई तथ्य है तो उसको सरकार के समक्ष रखना चाहिए. सरकार उस पर संज्ञान लेगी.
वहीं इस बारे में ईटीवी भारत ने विधायक मुन्ना सिंह चौहान से बात की और रामशरण नौटियाल के आरोपों पर उनका पक्ष जाना. विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि कोई भी व्यक्ति उन पर किसी तरह की कमीशनखोरी का आरोप नहीं लगा सकता है. उन्होंने आज तक अपने विधानसभा क्षेत्र में होने वाले कामों में एक रुपया तक भी नहीं लिया है. सीवर लाइन को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने कहा कि
इस कंपनी में अब तक उन्होंने केवल इनके कांफ्रेंस रूम में जाकर दो बार बैठक जरूर की है, लेकिन कमीशनखोरी का आरोप लगाना बेबुनियाद है. वह जो भी काम करते हैं, खुले तौर पर करते हैं और सबके सामने करते हैं इसमें को छुपाने वाला नहीं है.
- मुन्ना सिंह चौहान, बीजेपी विधायक -
यही नहीं, उन्होंने इशारों-इशारों में राम शरण नौटियाल पर तंज कसते हुए कहा कि वो जिला पंचायत और BDC का चुनाव चार बार हार चुके हैं. उसके बाद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मिलकर उन्हें हराने की कोशिश की और उसमें भी कामयाब नहीं हुए.
मुन्ना सिंह चौहान ने राम शरण नौटियाल पर तंज कसते हुए कहा,
25 साल से तुम्हें जनता ने रगड़ कर रखा है तो इसमें मुन्ना सिंह चौहान क्या करे? इसके लिए उन्हें अपनी हैसियत और जनता के बीच में अपना रुतबा बनाने की जरूरत है न कि मुन्ना चौहान पर सवाल उठाने की.
- मुन्ना सिंह चौहान, बीजेपी विधायक -
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने रामशरण नौटियाल द्वारा पूर्व में भी उन पर लगाए गए आरोपों का हवाला देते हुए कहा कि उनके पुराने आरोप भी आज गलत साबित हुए हैं.
कांग्रेस ने ली चुटकी: विधायक मुन्ना सिंह चौहान भले ही अपने ऊपर लगे आरोपों को नकार रहे हों, लेकिन कांग्रेस उन्हें रामशरण नौटियाल के आरोपों पर घेरने में लगी हुई है. कांग्रेस नेता राजेंद्र शाह का कहना है कि जीरो टॉलरेंस का सिर्फ नारा दिया जा रहा है. इस नारे की आड़ में करोड़ों के घोटाले किए जा रहे हैं.
राजेंद्र शाह ने कहा कि विकासनगर में यदि उनके ही नेता कह रहे हैं कि 100 करोड़ का घोटाला हो गया है और उसके बावजूद भी सरकार संज्ञान नहीं ले रही है तो इसे समझा जा सकता है कि सरकार में भ्रष्टाचार की जड़ें कितने अंदर तक फैली हुई हैं. कांग्रेस नेता राजेंद्र शाह ने कहा कि केवल विकासनगर विधायक ही नहीं, बीजेपी के जितने विधायक हैं सारे कमीशनखोरी में लिप्त हैं और सरकार इनका संरक्षण कर रही है.
पढ़ें---
- बीजेपी बोली- पेपर लीक नहीं केवल एक व्यक्ति द्वारा नकल का मामला था, राजनैतिक एजेंडे में न फंसे युवा
- महेंद्र भट्ट की अपील को हरदा ने बताया 'सत्ता के मुंह पर तमाचा', अवैध खनन के मुद्दे पर फिर घिरी सरकार
- क्यों नहीं आते हो, मंथली लेते हो क्या? अवैध खनन को लेकर पुलिस पर बिफरे BJP विधायक, चौकी प्रभारी समेत तीन लाइन हाजिर

