रघुवर दास का बड़ा आरोप, कहा- जेएमएम और कांग्रेस संप्रदाय विशेष के वोट बैंक के लिए लड़ रहे चुनाव
अपने पलामू दौरे के दौरान बीजेपी नेता रघुवर दास ने झामुमो और कांग्रेस पर निशाना साधा है.

Published : February 19, 2026 at 4:58 PM IST
पलामू: झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस संप्रदाय विशेष के वोट बैंक के लिए समर्थित प्रत्याशियों को चुनाव लड़वा रही है. यह आरोप झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लगाया है.
निकाय चुनाव को लेकर रघुवर दास ने पलामू के इलाके का दौरा किया और कई जनसभा को भी संबोधित किया. इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी किया. इसी प्रेस वार्ता में बोलते हुए रघुवर दास ने कहा कि कई जगह झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस के समर्थित प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. दोनों संप्रदाय विशेष के वोट बैंक के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. मेदिनीनगर से कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, कांग्रेस वोट बैंक के लिए समर्थित प्रत्याशी को चुनाव लड़ा रही है.
बीजेपी नेता रघुवर दास ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने संप्रदाय विशेष को अपना वोट बैंक माना है. कांग्रेस एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा संप्रदाय विशेष को वोट बैंक मानता है और उन्हें झारखंड का नागरिक नहीं मानते हैं. रघुवर दास ने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी चुनाव को हल्के में नहीं लेती है. पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक का चुनाव पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ती है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की हालत बेहद ही खराब है राज्य में सीओ से लेकर सीएम तक भ्रष्ट हैं. राज्य सरकार निकाय चुनाव को निष्पक्ष नहीं करवाना चाहती है वह अधिकारियों से कहना चाहते हैं कि निष्पक्ष चुनाव करवाएं.
बता दें कि इससे पहले रघुवर दास बुधवार की रात मेयर प्रत्याशी जयश्री गुप्ता के घर गए थे और गुरुवार की सुबह मेयर प्रत्याशी मीना गुप्ता के घर गए थे. दोनों ने रघुवर दास की मौजूदगी में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अरुणा शंकर को समर्थन देने की घोषणा की है. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम, स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर समेत कई लोग मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें- निकाय चुनाव नहीं होने से तीन वर्षों में झारखंड को 5100 करोड़ का हुआ नुकसान- रघुवर दास
इसे भी पढ़ें- हजारीबाग में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, पूर्व सीएम रघुवर दास ने स्वदेशी सामान अपनाने पर दिया जोर

