नोटिस से डरे चैंपियन! जुर्माना भरने को हुए तैयार, परिवहन विभाग से की रिक्वेस्ट
पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ओवर स्पीड चालान भरने को तैयार हो गए हैं. चैंपियन ने RTO के नोटिस का जवाब दिया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : November 27, 2025 at 7:42 PM IST
देहरादून: पूर्व विधायक और बीजेपी नेता प्रणव सिंह चैंपियन कानून का शिकंजा कसते ही नरम हो गए. परिवहन विभाग के नोटिस के बाद प्रणव सिंह चैंपियन ने अपनी लैंड क्रूजर कार का चालान भरने को तैयार हो गए. परिवहन विभाग ने प्रणव सिंह चैंपियन को उनकी लैंड क्रूजर कार का चालान भरने का नोटिस दिया था. नोटिस में स्पष्ट किया गया था कि यदि उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया तो उनकी लैंड क्रूजर कार की आरसी ब्लैक लिस्ट की जाएगी.
प्रणव सिंह चैंपियन ने अब अपने अधिवक्ता के जरिए संभागीय परिवहन देहरादून को नोटिस का जवाब दिया है. परिवहन विभाग को भेजे अपने नोटिस में प्रणव सिंह चैंपियन ने स्पष्ट किया है कि 'मैं जुर्माना भुगतान को तैयार हूं, लेकिन वाहन को ब्लैक लिस्ट न किया जाए'.

प्रणव सिंह चैंपियन के वकील द्वारा भेजे गए पत्र में RTO से अनुरोध किया गया है कि लैंड क्रूजर कार का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की कार्रवाई न की जाए. उनके द्वारा स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि उनका जितना भी चालान बनता है, जो भी जुर्माना बनता है वह भुगतने के लिए तैयार है.

इस बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए देहरादून आरटीओ प्रशासनिक संदीप सैनी ने बताया कि वाहन स्वामी के वकील द्वारा एक पत्र आरटीओ को प्राप्त हुआ है, जिसमें उनके द्वारा उनके वहां पर जितने भी चालान हुए हैं उनका जुर्माना भरने की बात कही गई है. साथ ही यह भी रिक्वेस्ट की गई है कि इसके अलावा और कोई अन्यत्र कार्रवाई न की जाए.

बता दें कि कुंवर प्रणव चैंपियन की लैंड क्रूजर कार के ओवर स्पीडिंग के 28 चालान हुए थे. इनमें से चार चालान उत्तराखंड गुरुग्राम में तीन, दिल्ली में 9 और गाजियाबाद में 12 चालान हुए थे.

इस कारण चर्चाओं में आई थी चैंपियन की लैंड क्रूजर कार: दरअसल, प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 15 नवंबर की रात देहरादून में राजपुर रोड पर पूर्व मुख्य सचिव एस रामास्वामी के बेटे आर यशोवर्धन के साथ मारपीट की थी. इस दौरान दिव्य प्रताप सिंह जिस लैंड क्रूजर कार में मौजूद थे. जब कार के बारे में जानकारी निकाली गई तो पता चला कि वो कार प्रणव सिंह चैंपियन के नाम पर है और उस का पर पिछले पांच सालों में 28 चालान हुए हैं. बीते पांच सालों में एक भी चालान नहीं भरा गया था. ये कार 2019 में देहरादून आरटीओ कार्यालय में रजिस्टर्ड है. इस खबर को ईटीवी भारत ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है, जिसके बाद परिवहन विभाग ने मामले का संज्ञान लिया था और प्रणव सिंह चैंपियन को नोटिस भेजा था.
पढ़ें---

