गिरिडीह में बीजेपी का प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोल, 'लाठी मार्च' निकालकर जताया विरोध
गिरिडीह में प्रशासन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल रखा है.

Published : December 30, 2025 at 8:02 PM IST
गिरिडीह: बीजेपी ने सरिया बगोदर अनुमंडल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. मंगलवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ लाठी मार्च निकालते हुए प्रदर्शन किया. यह मार्च 25 दिसंबर की एक घटना को लेकर निकाला गया था.
दरअसल, 25 दिसंबर के दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर बीजेपी नेता और कार्यकर्त्ता केशवारी चौक पर इकट्ठे हुए थे. बीजेपी कार्यकर्ता इसी जगह पर जयंती मनाने के लिए जुटे थे लेकिन स्थानीय प्रशासन ने जयंती मनाने की इजाजत नहीं दी. जिसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.
इसी कड़ी में मंगलवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सरिया में लाठी मार्च निकालते हुए अपना विरोध जताया. इस दौरान अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. बीजेपी की ओर से प्रदर्शन कर रहे अधिकारियों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया गया.
केशवारी चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर गोलंबर बनाया गया था, जिसे सरिया - बगोदर अनुमंडल प्रशासन ने तोड़ दिया है. जब तक प्रशासन खुद गोलंबर का निर्माण नहीं करता है, तब तक बीजेपी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. हम प्रशासन के अधिकारियों को चैन से सोने नहीं देंगे: मनीष मंडल, मंडल अध्यक्ष, बीजेपी सरिया
पुलिस से नोकझोंक
लाठी मार्च के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोक झोंक देखने को मिला. हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया. बीजेपी नेताओं का आरोप है कि केशवारी में पिछले कई सालों से बीजेपी कार्यकर्त्ता, पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती मनाते आ रहे हैं लेकिन इस बार सत्ता में बैठे नेताओं के इशारे पर जयंती मनाने से रोका गया.
केशवारी चौक पर निर्माण कार्य होने से दुर्घटना का भी खतरा बन सकता है. ऐसे में यहां निर्माण नहीं होने दिया गया है. जिस तरह से प्रचारित किया जा रहा है कि यह श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का चौक था ऐसा नहीं है, यहां निर्माण करने का प्रयास चल रहा था लेकिन स्थिति को देखते हुए यहां निषेधाज्ञा लागू की गई थी: संतोष गुप्ता, एसडीएम, सरिया बगोदर
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कुछ माह पहले केशवारी चौक पर निर्माण कार्य शुरू हुआ था. जिसे लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए थे. पूर्व में भी इस चौक पर निर्माण को लेकर स्थिति बिगड़ चुकी है. इस बीच 24 दिसंबर को फिर से निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया गया लेकिन वहां निषेधाज्ञा लागू कर दी गई. चूंकि जिस स्थान पर निर्माण कार्य करने का प्रयास चल रहा था, उसे लेकर आरसीडी से कोई अनुमति नहीं ली गई है.
ये भी पढ़ें- MUDA घोटाले के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए बीवाई विजयेंद्र - MUDA Scam
खूंटी में बीजेपी का प्रदर्शनः शीतकालीन सत्र में भाजपा विधायकों के निलंबन का किया विरोध
सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा का आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन, कहा- राज्य सरकार को किया जाए बर्खास्त

