भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 31 अगस्त को, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम देंगे मार्गदर्शन
अलग-अलग सत्रों में होगी बैठक, केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं पर होगी चर्चा, संवाददाता रितेश तंबोली की रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 30, 2026 at 8:52 PM IST
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक का आयोजन 31 अगस्त को होगा. सोमवार को यह बैठक रायपुर के भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की जा रही है. जो सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अलग-अलग सत्रों में होगी.
कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे शामिल
भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र की शुरुआत छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम करेंगे. दिनभर चलने वाले अलग-अलग संगठनात्मक सत्रों में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे.

सीएम साय भी समापन सत्र में होंगे पहुंचेंगे
बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे. मुख्यमंत्री के उद्बोधन के साथ ही कार्यसमिति का विधिवत समापन होगा. इस बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं, संगठनात्मक विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा. बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य एवं जिला स्तर के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे.
शनिवार को भी हुई थी अहम बैठक
इसके पहले शनिवार को सेवा संकल्प उत्सव अभियान को लेकर प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था. जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और अभियान के सदस्य ओपी चौधरी मौजूद रहे.
इस कार्यशाला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले विभिन्न सेवा, रचनात्मक और जन-कल्याणकारी आयोजनों की रूपरेखा तैयार कर जिम्मेदारियांसौंपी गई. प्रदेशभर से पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी इस बैठक में मौजूद थे.

