राम मंदिर में चोरी करने वालों की जगह जेल में, झारखंड में सरकार कौन चला रहा है, मंत्री की बात नहीं मान रहे अधिकारी- आदित्य साहू
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राम मंदिर में चोरी करने वालों की जगह जेल में है.


Published : June 28, 2026 at 2:46 PM IST
पलामू: राम मंदिर में चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि चोरों की जगह जेल में है. योगी सरकार चोरी करने वालों को बख्शेगी नहीं. पत्रकारों द्वारा राम मंदिर में चोरी की घटना पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने यह बयान दिया.
झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप
आदित्य साहू ने झारखंड सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पलामू जैसी जगह में खुद मंत्री को अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी करनी पड़ रही है. अधिकारी मंत्री की बात नहीं सुन रहे हैं. आदित्य साहू ने सवाल उठाते हुए कहा, "आखिर झारखंड में सरकार कौन चला रहा है? जब मंत्री को कार्रवाई करने के लिए खुद जाना पड़ रहा हो."
बालू नीति पर सवाल, जन परेशानी
आदित्य साहू ने कहा कि सरकार ने बालू पर कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई है, जिस कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है. लोगों को घर बनाने और निजी कार्यों के लिए बालू नहीं मिल रहा है. दूसरी ओर हाईवे से दूसरे राज्यों में बालू भेजा जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध बालू कारोबार से सत्ता में बैठे लोग लाभान्वित हो रहे हैं.
आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जन समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन कर रही है. पार्टी ने चतरा बंद करने का भी निर्णय लिया है. इस दौरान आदित्य साहू ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भी गिनवाया. इस मौके पर पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम, विधायक डॉ. शशीभूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई नेता मौजूद थे.
ये भी पढ़ें:
झारखंड दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री का बयान, अयोध्या राम मंदिर दान चोरी का मामला बेहद ही गंभीर

