सनातन धर्म का बीजेपी ने ठेका लिया है, पंडित धीरेंद्र शास्त्री और प्रदीप मिश्रा चंदा लेना बंद करें: भूपेश बघेल
पूर्व सीएम ने कहा कि सरकारी पैसे से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की आवभगत करना सही नहीं है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 30, 2025 at 7:20 AM IST
बिलासपुर: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और पंडित प्रदीप मिश्रा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. बिलासपुर के लिंगियाडीह पहुंचे बघेल ने कहा कि सरकारी विमान से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी को बुलाया जा रहा है, क्या से सही है.
धीरेंद्र शास्त्री जी को समझ नहीं है. भगवान राम को लेकर भी वे पहले विवादित बयान दे चुके हैं. छत्तीसगढ़ में कई ऐसे साधु-संत हैं जो धर्म और आध्यात्म में गहरी समझ रखते हैं. ये बाबा चाहें तो उनसे शास्त्रार्थ कर लें: भूपेश बघेल, पूर्व सीएम
बघेल के निशाने पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और पंडित प्रदीप मिश्रा
बघेल ने कहा कि सरकारी पैसों का दुरुपयोग हो रहा है, जनता के पैसों को बर्बाद किया जा रहा है. भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि हम न तो धर्म के खिलाफ हैं न बाबाओं के खिलाफ हैं. हम बस ये चाहते हैं कि ये अंधविश्वास फैलाना बंद कर दें. बघेल ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री चंदा लेना बंद कर दें.
एक लोटा जल से सारी समस्याओं का समाधान निकालने की बात करने वाले लोग अंधविश्वास फैला रहे हैं. मैं भी इनके साथ गया हूं. लेकिन ये बात मुझे समझ में आ गई कि ये लोग अंधविश्वास फैला रहे हैं. मैं आपसे कहता हूं कि क्या टोटकों से समस्याओं का समाधान निकल सकते हैं. आप ही बताएं. सरकारी धन और हवाई जहाज का दुरुपयोग क्यों किया जा रहा है: भूपेश बघेल, पूर्व सीएम
तमनार की घटना पर सरकार को कोसा
भूपेश बघेल ने कहा कि रायगढ़ के तमनार में जो कुछ भी हुआ रोका जा सकता था. लेकिन शासन में बैठे हुए लोग और सरकारी अफसर विवादों को खत्म करना ही नहीं चाहते, धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ बैठकर बात करने तक को तैयार नहीं हैं. भूपेश बघेल ने कहा कि जब शासन प्रशासन लोगों की बात सुनेगी तो विवादों का हल निकलेगा. बघेल ने कहा कि सरकार और उसके अफसर जबरन फैसला लागू करना चाहते हैं. भूपेश बघेल ने डिप्टी सीएम अरुण साव पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा, उनको अभी बहुत कुछ सीखने की जरुरत है.
आंदोलनकारियों को जबरन जेल में ठूंसा गया और उनके साथ मारपीट की गई, जिससे आक्रोश बढ़ा. अगर सरकार समय रहते आंदोलनकारियों से बातचीत करती, तो हालात इतने बिगड़ते नहीं. लेकिन सरकार बातचीत करना ही नहीं चाहती: भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
लिंगियाडीह के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए बघेल
लिंगियाडीह इलाके में नगर निगम के द्वारा की जा रही कार्रवाई का भी भूपेश बघेल ने विरोध किया. भूपेश बघेल ने कहा कि पहले सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लोगों को हटाया गया. जब उस दुख से स्थानीय उबरे तो अब उनको पार्क के नाम पर हटाने की कोशिश की जा रही है. बघेल ने कहा कि कई लोग यहां पर 50 से 60 सालों से रह रहे हैं, लोगों के पास जमीन का पट्टा है. बावजूद इसके लोगों को हटाने की साजिश की जा रही है. बघेल ने कहा कि अफसरों को ये समझना होगा कि लोगों को हटाने के बजाए उनको बसाने की कोशिश की जाए.

