झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के खिलाफ भाजपा पहुंची चुनाव आयोग, आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की मांग
झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के खिलाफ भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की है. उनपर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है.


Published : February 18, 2026 at 9:50 PM IST
रांची: भाजपा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया है. साथ ही इसे लेकर राज्य निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की है. भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि झामुमो कार्यालय में जिस तरह से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं, वह नाइंसाफी है और राज्य निर्वाचन आयोग को कार्रवाई करनी चाहिए.
इस बीच, बुधवार शाम को बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और सुप्रियो भट्टाचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद को दी गई लिखित शिकायत में भाजपा ने सुप्रियो भट्टाचार्य पर प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके झामुमो समर्थित प्रत्याशी के लिए वोट मांगने का आरोप लगाया है.
भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि इससे झामुमो और राज्य सरकार की नीयत साफ हो गई है. भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव और अशोक बड़ाइक ने आयोग को बताया कि झामुमो अब नगर निगम चुनाव में खुलकर सामने आ गया है. अगर वे अपने चुनाव निशान का खुलेआम इस्तेमाल करना चाहते, तो सरकार पार्टी आधारित चुनाव करा सकती थी. प्रतिनिधिमंडल ने सुप्रियो भट्टाचार्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो पेन ड्राइव में आयोग को सौंपा है.
सुप्रियो भट्टाचार्य के किस बयान पर भाजपा को है आपत्ति?
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को हरमू में पार्टी के कैंप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर नगर निकाय चुनाव में सीधे दखल देने का आरोप लगाया. इस दौरान सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि जिस तरह से झारखंड सरकार ने जनकल्याणकारी योजना चलाई है, उसे देखते हुए हमें लगता है कि पूरे रांची के लोगों को विश्वास होना चाहिए कि सरकार हमारे नेतृत्व में चल रही है, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही है. उन्होंने कहा कि चाहे नगर विकास विभाग हो, नगर निगम हो, नगर पंचायत या नगर परिषद हो, यदि इसका संचालन हम करेंगे तो समृद्धि की गाड़ी सड़पट दौड़ेगी.
उन्होंने झामुमो समर्थित उम्मीदवार द्वारा रांची में तीन तीन फ्लाईओवर बनाने की घोषणा को भी सही बताया. उन्होंने कहा कि नगर निगम यदि अनुशंसा करेगा तो नगर विकास विभाग और पथ निर्माण विभाग, जो हमारी सरकार के ही हैं, वे उसे बनाने का काम करेंगे.
यह भी पढ़ें:
नगर निकाय चुनाव में गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई, सरकारी कर्मी को हो सकती है 3 से 5 साल की जेल

