ETV Bharat / state

झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग हुई तेज, बीजेपी ने रांची में दिया महाधरना

रांची में झारखंड बीजेपी ने राज्य सरकार से जल्द निकाय चुनाव, दलीय आधार पर और ईवीएम से कराने की मांग को लेकर महाधरना दिया.

BJP demanding for municipal election in Jharkhand
बीजेपी का धरना प्रदर्शन (Etv bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 7, 2026 at 8:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग को लेकर बीजेपी इन दिनों सरकार पर दबाव बनाने में जुटी है. राज्यस्तरीय आंदोलन के तहत बुधवार को रांची नगर निगम के समक्ष बीजेपी नेताओं ने महाधरना दिया. बीजेपी रांची महानगर के बैनर तले आयोजित इस महाधरना में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल समेत प्रदेश स्तर के कई नेता उपस्थित रहे.

क्यों करना है बैलेट पेपर से चुनाव?

इस मौके पर बीजेपी नेताओं ने राज्य सरकार से नगर निकाय चुनाव की घोषणा जल्द करने की मांग की गई और बैलेट पेपर के बजाय ईवीएम से चुनाव कराने का आग्रह किया. बीजेपी नेताओं की तीसरी और महत्वपूर्ण मांग दलीय आधार पर मतदान कराने को लेकर थी. इस दौरान बीजेपी नेताओं ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सभी चुनाव ईवीएम के जरिए आज के समय में हो रहे हैं और हेमंत सरकार बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराकर गड़बड़ी करने का प्रयास कर रही है.

जल्द चुनाव कराने को लेकर बाबूलाल मरांडी, आदित्य साहू एवं सीपी सिंह का बयान (Etv bharat)

बैलेट पेपर के जरिए चुनाव से धन-बल का होगा बोलबाला: बीजेपी

बैलेट पेपर से होने वाले चुनाव पर आपत्ति जताते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इससे धन बल का बोलबाला होगा. पिछले चुनाव का अनुभव बताता है कि किस तरह से निकाय चुनाव की मतगणना चार दिनों तक चली थी और गड़बड़ी सामने आई थी. उस समय रांची डीसी आज के मुख्य सचिव थे.

इस मौके पर बीजेपी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि दलीय आधार पर चुनाव होने से आम कार्यकर्ता इसमें भाग लेते हैं लेकिन वर्तमान सरकार डरी और सहमी हुई है, इस वजह से वो दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराना चाहती है.

नाली की सफाई के लिए विधायक को फोन लगाना पड़ता है: सीपी सिंह

वहीं बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं होने से हालात ऐसे हैं कि एक नाली की सफाई के लिए भी लोगों को विधायक का सहयोग लेना पड़ता है और मेरे जैसे विधायक नगर निगम को कई बार फोन करते हैं तब जाकर उनके घर के आसपास की नाली की सफाई होती है.

चुनाव का जल्द ऐलान करें सरकार: बीजेपी

सीपी सिंह ने कहा कि सरकार यदि वास्तव में चाहती है कि चुनाव कराया जाय तो देर करने के बजाय जल्द से जल्द घोषणा करें. उन्होंने बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराने के निर्णय पर ऐतराज जताया है. उन्होंने कहा कि इसमें जरूर दाल में कुछ काला है, नहीं तो सभी चुनाव अभी ईवीएम से होते हैं और हमारी सरकार बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराना चाहती है आखिर इसके पीछे मकसद क्या है?

ये भी पढ़ें- झारखंड निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी का हल्ला बोल, देवघर और बोकारो में किया प्रदर्शन

नगर निकाय चुनाव की मांग पर बुंडू में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, ईवीएम व दलीय आधार पर चुनाव की उठी जोरदार आवाज

नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित करने और ईवीएम से चुनाव की मांग, 7 जनवरी को महाधरना देगी भाजपा