हजारीबाग में धरने पर बैठे बीजेपी सांसद, नगर निकाय चुनाव की तारीखों के एलान की कर रहे मांग
हजारीबाग में बीजेपी महानगर इकाई ने निकाय चुनाव की तारीखों के एलान को लेकर नगर निगम ऑफिस के सामने धरना दिया.

Published : January 8, 2026 at 4:41 PM IST
हजारीबाग: झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग को लेकर बीजेपी इन दिनों सरकार पर दबाव बनाने में जुटी है. इसी कड़ी में बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड सरकार के खिलाफ महाधरना दिया. उन्होंने झारखंड सरकार की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राज्य के विकास में सबसे बड़ा अवरोधक हेमंत सरकार खुद है. महाधरना कार्यक्रम में सांसद मनीष जायसवाल के साथ बरकट्ठा विधायक अमित यादव, कोडरमा विधायक नीरा यादव समेत बीजेपी के कई नेता उपस्थित रहे.
चुनाव की डेट घोषित करने की मांग
महाधरना कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेताओं ने लंबे समय से लंबित नगर निकाय एवं नगर निगम चुनाव की तिथि को घोषित करने की मांग की. महाधरना कार्यक्रम की अध्यक्षता बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने की. इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता, पार्षद, पूर्व जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए. महाधरना को संबोधित करते हुए बीजेपी सांसद मनीष जायसवाल ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला.
इंडिया गठबंधन की सरकार, लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और नगर निकाय चुनाव के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील है. हाईकोर्ट के निर्देश के बाद भी राज्य सरकार ने चुनाव की तैयारी तो शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक चुनाव की तिथि का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं. नगर निकाय चुनाव, दलीय आधार, पारदर्शिता और निश्चित तौर पर ईवीएम से चुनाव कराए जाए: मनीष जायसवाल, बीजेपी सांसद
ईवीएम से चुनाव कराने का आग्रह
इस मौके पर बरकट्ठा विधायक अमित यादव, कोडरमा विधायक नीरा यादव समेत कई बीजेपी नेताओं ने राज्य सरकार से नगर निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग की. इसके साथ ही उन्होंने बैलेट पेपर के बजाय ईवीएम से चुनाव कराने का आग्रह किया. बीजेपी नेताओं की तीसरी मांग दलीय आधार पर मतदान कराने को लेकर थी. इस दौरान बीजेपी नेताओं ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि सभी चुनाव ईवीएम के जरिए हो रहे हैं. ऐसे में हेमंत सरकार, बैलेट पेपर पर क्यों चुनाव कराना चाहती है.
ये भी पढ़ें- झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर कराने की मांग हुई तेज, बीजेपी ने रांची में दिया महाधरना
झारखंड में निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी का हल्ला बोल, देवघर और बोकारो में किया प्रदर्शन

