रांची से गुम अंश और आंशिका के परिजनों से मिला भाजपा का शिष्टमंडल, लापता बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग
रांची से गुम बच्चों की बरामदगी की मांग भाजपा ने की है. इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है.

Published : January 10, 2026 at 7:45 PM IST
रांचीः लापता अंश और आंशिका की तलाश पिछले 10 दिनों से जारी है इन सबके बीच सियासत जरूर शुरू हो गई है.घटना के बाद भाजपा का शिष्टमंडल आज शनिवार को पीड़ित परिवार से मिला.राजधानी रांची के धुर्वा पहुंचे भाजपा शिष्टमंडल में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई भाजपा नेता शामिल थे. भाजपा के शिष्टमंडल ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से अब तक की पुलिस जांच की जानकारी ली.
इस मौके पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य की राजधानी से बच्चे गायब हो रहे हैं और राज्य के मुखिया विदेश में छुट्टियां मनाने की योजना तैयार कर रहे हैं. राज्य सरकार की आम जनता के प्रति संवेदना शून्य हो गई है. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि सोमवार की शाम तक बच्चों की बरामदगी नहीं की जाती है तो मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एसएसपी रांची के कार्यालय का घेराव करेंगे.
भाजपा पीड़ित परिवार के साथः अमर कुमार बाउरी
वहीं इस मौके पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने साफ तौर पर चेतावनी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ है. उन्होंने राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष की शुरुआत में ही अपराधी राज्य सरकार को चुनौती देते हुए बीच शहर से दो बच्चों को अगवा कर लिए हैं. जबकि जिस जगह पर यह घटना हुई है वहां से हर दिन अधिकारी, जज और नेता गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रही है.उन्होंने राज्य सरकार से हर हाल में दोनों बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है तो पार्टी आंदोलन करेगी.

गौरतलब है कि रांची के धुर्वा से 2 जनवरी से गायब दो मासूम बच्चों की तलाश को लेकर रांची पुलिस ने एक जंबो टीम बनाई, लेकिन 8 दिन बीत जाने के बाद भी दोनों मासूम बच्चों का पता पुलिस हासिल नहीं कर पाई है. जैसे-जैसे समय बीत रहा है दोनों मासूमों के परिजन हताश हो रहे हैं. बच्चों की मां अब बेसुध हो चुकी हैं, बार-बार बेहोश हो रही हैं. यहां तक कि खाना-पीना तक छोड़ दिया है.
ये भी पढ़ें-
कहां हैं अंश और अशिंका, मां हुई बेसुध, आठ दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, उठ रहे सवाल
रांची पुलिस के हाथ अब तक खाली! कहां हैं मासूम अंश और अंशिका, स्वान दस्ता भी हुआ फेल

