मिर्जापुर : सभासद के उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी नितिन केसरवानी ने दर्ज की जीत
मिर्जापुर नगर पालिका परिषद की रिक्त एक सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 7, 2026 at 2:50 PM IST
मिर्जापुर : मिर्जापुर जनपद के बुंदेलखंडी वार्ड में हुए सभासद उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी नितिन केसरवानी ने जीत दर्ज की है. उन्होंने बीजेपी के बागी रवि टंडन को 11 वोट से मात दी है, जबकि समाजवादी पार्टी तीसरे नंबर पर रही.
दरअसल, मिर्जापुर नगर पालिका परिषद की रिक्त एक सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं. मतगणना के दौरान प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर रही. पहले राउंड में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नितिन केसरवानी आगे रहे. उसके बाद दूसरे से पांचवें राउंड तक समाजवादी पार्टी के नागेंद्र तिवारी आगे रहे. फिर छठवें राउंड में बीजेपी के बागी रवि टंडन 32 वोट आगे हो गए. हालांकि आखिरी राउंड में भारतीय जनता पार्टी के नितिन केसरवानी 11 वोट से विजयी हो गए.
जीत के बाद नितिन केसरवानी ने कहा कि यह जनता और भारतीय जनता पार्टी की जीत है. पिता के जो सपने अधूरे रह गए थे, हम उसे पूरा करने का काम करेंगे. वहीं, रिटर्निंग आफिसर डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण से मतगणना पूरी हुई. चारों प्रत्याशियों का बहुत सहयोग रहा. कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, न ही किसी ने कोई शिकायत की है.
बता दें कि सतीश केसरवानी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी. इस पर बीजेपी ने उनके बेटे नितिन केसरवानी को टिकट दिया था. अगर वोटों की बात करें तो नितिन केसरवानी को 709, सपा के नागेंद्र तिवारी को 636, रवि टंडन को 698 और दाऊ दयाल को 216 वोट प्राप्त हुए हैं.
ये भी पढ़ें- CM योगी बोले- अब सिफारिश से नहीं, निष्पक्षता और पारदर्शिता से मिलता है नियुक्ति पत्र

