'जीत तय है..' BJP प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा ने कहा- पहले चुनाव लड़ाता था, अब खुद लड़ रहा हूं
बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा ने बांकीपुर उपचुनाव में अपनी जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा, 'पहले लड़ाता था, अब खुद लड़ रहा हूं.' पढ़ें..

Published : July 8, 2026 at 5:57 PM IST
पटना: बांकीपुर उपचुनाव बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है, क्योंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इस सीट से लंबे समय तक विधायक रहे हैं. उनके राज्यसभा सांसद बनने के बाद इस्तीफे के कारण उपचुनाव हो रहा है. पार्टी ने पुराने कार्यकर्ता अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया है. उनका सामना प्रशांत किशोर और रेखा गुप्ता से होना है. हालांकि वह अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं.
मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं अभिषेक बंटी: बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक बंटी पटना महानगर भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं. संगठन में उन्होंने मंडल अध्यक्ष के रूप में दो बार जिम्मेदारी निभाई है. इसके अलावा मंडल मंत्री और मंडल महामंत्री जैसे दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं. संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए भाजपा ने उन्हें बांकीपुर जैसे महत्वपूर्ण शहरी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है.
कायस्थ जाति से हैं अभिषेक: कायस्थ समाज से आने वाले अभिषेक बंटी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं. भाजपा का मानना है कि संगठन में लंबे समय तक काम करने और स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ का उन्हें चुनाव में लाभ मिल सकता है.

अपनी जीत का किया दावा: वहीं, ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान अभिषेक बंटी ने कहा कि अब तक वह पार्टी के लिए चुनाव लड़ाने का काम करते रहे हैं लेकिन इस बार जनता के बीच उम्मीदवार के रूप में जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में इस बार भी 'कमल' ही खिलेगा. हमें सभी जाति वर्ग का समर्थन मिल रहा है.

"मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रति आभार व्यक्त करता हूं. मैं 20 साल से अधिक समय से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं. संगठन के लिए काम करने का अनुभव मुझे प्राप्त है. मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से राजनीति के गुर सीखे हैं. इस बार भी इस सीट पर भाजपा की जीत होगी."- अभिषेक सिन्हा, बीजेपी उम्मीदवार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र

शत्रुघ्न सिन्हा की अपील का होगा असर?: जन सुराज पार्टी कैंडिडेट प्रशांत किशोर को जिताने की 'बिहारी बाबू' और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की अपील पर अभिषेक ने कहा कि वह भाजपा में नहीं हैं. वर्तमान में तृणमूल पार्टी में हैं, लिहाजा उनके समर्थन का कोई मतलब नहीं होता है.

अभिषेक सिन्हा ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता हमारे साथ हैं. उन्होंने कहा, 'हम बड़े मतों के अंतर से चुनाव जीतने जा रहे हैं. जहां तक सवाल प्रशांत किशोर का है तो वह कहीं लड़ाई में नहीं दिख रहे हैं.'

कौन-कौन हैं उम्मीदवार?: बीजेपी की तरफ से अभिषेक सिन्हा के अलावे जन सुराज पार्टी से प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल से रेखा गुप्ता कैंडिडेट हैं. इसके अलावे तेजप्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने वीणा मानवी को उतारा है.

ये भी पढ़ें:
बांकीपुर उपचुनाव के लिए BJP उम्मीदवार का ऐलान, अभिषेक कुमार को मिला टिकट
बांकीपुर उपचुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज ने की उम्मीदवार की घोषणा
बांकीपुर उपचुनाव के लिए RJD का ऐलान, रेखा गुप्ता होंगी उम्मीदवार
बांकीपुर उपचुनाव में वीणा मानवी की एंट्री से कितना बदलेगा मुकाबला, क्या कहते हैं चुनावी आंकड़े?
'बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार उतारेगी RLJP..' प्रिंस पासवान की घोषणा

