कांग्रेस के मनरेगा बचाओ आंदोलन पर बीजेपी का पलटवार, कहा- नए प्रावधान से घोटालेबाजों को दिक्कत
झारखंड कांग्रेस के मनरेगा बचाओ अभियान पर बीजेपी विधायक सीपी सिंह ने कहा नए प्रावधान से बिचौलियों को परेशानी हो रही है.

Published : January 5, 2026 at 5:49 PM IST
रांची: मनरेगा का नाम बदले जाने के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है. सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के द्वारा राजधानी रांची में आयोजित आंदोलन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा विधायक सीपी सिंह ने तीखी टिप्पणी की है. उन्होंने कांग्रेस पर हराम का पैसा खाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि नये प्रावधान से अब मौका नहीं मिलेगा.
बीजेपी विधायक ने कहा कि मजदूर हित में नया प्रावधान अच्छा हो गया है, जबकि दलाल और घोटालेबाज के हित में गड़बड़ हुआ है. विधायक सीपी सिंह ने कहा कि इसके बाद भी घोटाला नहीं होगा, इसकी गारंटी नहीं है. लेकिन डीबीटी के माध्यम से मजदूरों के खाते में पैसा जाने से बिचौलिए और दलालों को दिक्कत हो रही है. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये 75 साल खाए हैं और जिंदगीभर खाना चाहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जायेगा.
मनरेगा का नाम विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) 2025' करने के विरोध में कांग्रेस के आंदोलन का जवाब देने के लिए भाजपा ने तैयारी कर ली है. जिसके तहत हर मंडल में 8-10 जनवरी तक गोष्ठी और सभा के माध्यम से जनता के बीच जाने का निर्णय लिया गया है. प्रदेश के सभी प्रमुख नेताओं को अलग-अलग जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए जिम्मेदारी दी गई है.
गौरतलब है कि मनरेगा का नाम विकसित भारत जी राम जी 2025 के तहत काम के 100 दिन से बढ़ाकर 125 किए गए हैं और भुगतान हर हफ्ते करने का प्रावधान किया गया है. इधर मनरेगा का नाम बदले जाने पर उठा सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. कांग्रेस केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना के नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने पर आपत्ति जताते हुए राष्ट्रव्यापी आंदोलन कर रही है. वहीं इसका जवाब देने के लिए भाजपा ने जनता के बीच जाने का निर्णय लिया है.
ये भी पढ़ें: गांधी परिवार पर सीपी सिंह की विवादित टिप्पणी, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा- ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दें
झारखंड में कांग्रेस का मनरेगा बचाओ अभियान, कहा- मोदी सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर चलाया बुलडोजर

