निकाय चुनाव में झामुमो समर्थित प्रत्याशियों की होगी जीत! मंत्री के बयान पर बिफरे भाजपा के मुख्य सचेतक
झारखंड नगर निकाय चुनाव में जेएमएम समर्थित उम्मीदवारों की मंत्री सुदिव्य कुमार ने जीत का दावा किया. वहीं बीजेपी ने धैर्य रखने की बात कही.

Published : February 25, 2026 at 2:05 PM IST
|Updated : February 25, 2026 at 3:22 PM IST
रिपोर्टः उपेंद्र कुमार
रांची: झारखंड के 48 शहरी निकाय के लिए मतदान के बाद अब सबकी नजरें 27 फरवरी के मतगणना पर टिकी हैं. लेकिन सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच की राजनीतिक बयानबाजी जारी है. भाजपा निकाय चुनाव में सरकार और सत्तारूढ़ दल पर चुनावी धांधली का आरोप लगा रही है. इस पर सत्ताधारी दल का कहना है कि शहरी निकाय क्षेत्र में भी वोटरों ने भाजपा को नकार दिया है, इसलिए बीजेपी अनर्गल आरोप लगा रही है.
शहरी जनता, बीजेपी की बपौती नहीं: मंत्री सुदिव्य कुमार
राज्य के शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि अमेरिका, यूरोपीय देश और अन्य विकसित देश आज भी बैलेट से चुनाव कराते हैं. ऐसे में कभी ईवीएम, कभी केंद्रीय सुरक्षा बल की मांग और अब मतगणना में गड़बड़ी की बात कहकर भाजपा ने अपनी हार स्वीकार कर ली है. मंत्री ने कहा कि इस बार के शहरी निकाय चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भाजपा के उस गुरुड़ को तोड़ दिया है, जिसमें वह शहरी वोटरों को अपनी बपौती समझती थी.
लोकतंत्र में ऐसी भाषा और इतना घमंड ठीक नहीं: नवीन जायसवाल
शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसा बयान शोभा नहीं देता. अभी 27 फरवरी को मतगणना तक मंत्री जी को इंतजार करना चाहिए. नवीन जायसवाल ने कहा कि अगर शहरों में महागठबंधन के दल और सरकार इतने ही लोकप्रिय थे या हैं तो पहले सिंबल पर चुनाव क्यों नहीं कराया.
बैलेट से वोटिंग के बारे में जागरुकता नहीं फैलाई गई: नवीन जायसवाल
विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि ऐसी साजिश रची कि मतदान के दिन लोग अपना वोट देने के लिए इस बूथ से उस बूथ भटकते रहे. इतना ही नहीं बैलेट पर वोटिंग की सही जानकारी और जागरूकता नहीं फैलाई गई. नतीजा यह हुआ कि कई वोटरों ने बैलेट पर अंगूठा लगा दिया. मतदाताओं को कोई जानकारी नहीं दी जा रही थी. इन साजिशों की वजह से 20-30 प्रतिशत शहरी वोटर चाहकर भी मतदान नहीं कर सके. नवीन जायसवाल ने कहा कि मतदान के दिन की अव्यवस्था को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग की चेयरपर्सन अलका तिवारी ने जांच के आदेश दिए हैं, यह आदेश भी सिर्फ आई वॉश है.
ये भी पढ़ें: चतरा प्लेन क्रैश के मृतकों के परिवार से मंत्री इरफान अंसारी ने की मुलाकात, कहा- झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था है खराब
बेटियों की पढ़ाई से कैंसर इलाज तक, चतरा में खुलेगी अंबेडकर यूनिवर्सिटी! सीएम ने की बजट की तारीफ
झारखंड बजट को भाजपा ने बताया दिशाहीन, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

