चाईबासा नगर निकाय चुनाव में सियासत तेज, प्रशासक पर पक्षपात का आरोप, बीजेपी ने की कार्रवाई की मांग
चाईबासा निकाय चुनाव के दौरान आचार संहिता के बाद नगर परिषद के प्रशासक द्वारा कार्रवाई का बीजेपी ने आरोप लगाया है.

Published : February 14, 2026 at 7:06 PM IST
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गर्माता जा रहा है. जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता दिख रहा है. इसी क्रम में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पश्चिम सिंहभूम जिला इकाई ने नगर परिषद चाईबासा की प्रशासक पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू है. लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन द्वारा कुछ ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे चुनाव प्रभावित होने की आशंका है. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में वर्षों से जीविकोपार्जन कर रहे छोटे दुकानदारों और फुटपाथ व्यवसायियों को हटाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है.
नगर प्रशासन की कार्रवाई से निष्पक्ष चुनाव पर सवाल
गीता बालमुचू ने कहा कि व्यापारियों को कथित तौर पर यह भी कहा जा रहा है कि यदि वे किसी उच्च स्तर पर संपर्क नहीं करेंगे तो उन्हें अपनी दुकानें हटानी होंगी. इस तरह के व्यवहार से दुकानदारों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. बीजेपी का आरोप है कि इससे चुनावी माहौल प्रभावित हो सकता है और निष्पक्ष मतदान पर सवाल खड़े हो सकते हैं. गीता बालमुचू ने आशंका जताई कि प्रशासनिक स्तर पर उठाए जा रहे कदम किसी खास प्रत्याशी को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं.
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से मांग की है कि नगर परिषद की प्रशासक को तत्काल चुनाव संबंधी कार्यों से अलग किया जाए, ताकि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके. भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव सर्वोपरि है और किसी भी तरह की प्रशासनिक पक्षधरता स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाएगी.
ये भी पढ़ें: जनसमस्याओं के मकड़जाल में रांची नगर निगम का वार्ड 35 और 36, मूलभूत सुविधा से वंचित लोग
कहने को नगर पंचायत पर सुविधाएं ढाक के तीन पात! देखिए, डेरासाल गांव के बदहाली की तस्वीर

