हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड, कई इलाकों में कोल्ड डे जैसे हालात, जानें किस दिन से मिलेगी राहत
हरियाणा में तापमान गिरने से कोल्ड डे जैसे हालात बन गए हैं.

Published : January 7, 2026 at 9:56 AM IST
|Updated : January 7, 2026 at 10:14 AM IST
चंडीगढ़: हरियाणा में सर्दी ने अब अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया है. सुबह और देर रात ठंडी हवाओं व घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है.दिन चढ़ने के बाद भी ठिठुरन बनी हुई है और धूप में भी गर्माहट महसूस नहीं हो रही.हालात ऐसे हैं कि लोगों को अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ रहा है. बिना गर्म कपड़ों के घर से निकलना मुश्किल हो गया है.
तापमान में अचानक आई बड़ी गिरावट: मंगलवार 6 जनवरी को प्रदेश के तापमान में अचानक 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, बुधवार को नारनौल में सबसे कम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री नीचे चला गया.इस गिरावट ने जनजीवन पर सीधा असर डाला. आमतौर पर जनवरी में दिन के समय हल्की धूप राहत देती है, लेकिन इस बार ठंडी हवाओं ने सूरज को भी बेअसर कर दिया.
Observed #Minimum #Temperature over #Punjab, #Haryana & #Chandigarh dated 07-01-2026 pic.twitter.com/7eb2Y8Yqtc
— IMD Chandigarh (@IMD_Chandigarh) January 7, 2026
कई इलाकों में कोल्ड डे जैसे हालात: चरखी दादरी और जींद में बीते 24 घंटों के भीतर तापमान में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट देखी गई, जिससे ठंड की मार और तेज हो गई. हालांकि यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन कुल मिलाकर पूरे प्रदेश में कोल्ड डे जैसे हालात बने हुए हैं. दिन में भी कंपकंपी महसूस हो रही है.
सूखी ठंड बढ़ा रही परेशानी: प्रदेश में अब तक कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है. सूखी ठंड और लगातार चल रही शीत हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी के कारण आने वाले दिनों में कोहरा और धुंध और गहरी हो सकती है, जिससे दृश्यता पर भी असर पड़ेगा.
जानें कब मिलेगी राहत: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार उत्तर और उत्तर-पश्चिम से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट जारी है.अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा. ऐसे में लोगों को सुबह-शाम सावधानी बरतने और कोहरे में यात्रा करते समय विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है. लेकिन जल्द ही ठंड से राहत मिलने के आसार है. हालांकि जनवरी के तीसरे सप्ताह तक ठंड इसी तरह बरकरार रहेगी. हालांकि जनवरी के अंत तक ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें:हरियाणा में शीतलहर का कहर, 13 जिलों में अलर्ट जारी, धुंध ने लगाई रफ्तार पर "ब्रेक "

