बिठूर महोत्सव 2026; मां तुझे सलाम...वंदे मातरम...गीतों से आगाज, पलाश सेन ने बांधा समां
मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र उपाध्याय समेत कई अतिथियों ने बिठूर स्थित गंगा किनारे सांस्कृतिक महाकुंभ-बिठूर महोत्सव का उद्घाटन किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 9:55 AM IST
कानपुर : मां तुझे सलाम, वंदे मातरम...वंदे मातरम... जैसे देश भक्ति के गीतों से बिठूर स्थित गंगा किनारे सांस्कृतिक महाकुंभ-बिठूर महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सांसद रमेश अवस्थी, मेयर प्रमिला पांडेय, विधायक अभिजीत सिंह सांगा समेत कई अतिथियों ने दीप जलाकर किया. शुभारंभ अवसर पर गायक पलाश सेन ने देश भक्ति से प्रेरित गीत मां तुझे सलाम...वंदे मातरम... की धमाकेदार प्रस्तुति दी. इसके बाद पलाश सेन ने यूफोरिया बैंड के कलाकारों के साथ माय री...गाने की प्रस्तुति दी तो युवा-दर्शक झूम उठे.
प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि बिठूर की ऐतिहासिक धरा अपनी सांस्कृतिक पहचान और पुराने गौरव के पथ पर आगे बढ़ रही है. बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि बिठूर ऋषियों-मुनियों की धरा है.

66 किस्म के फूलों ने खींचा सभी का ध्यान : बिठूर महोत्सव परिसर में उद्यान विभाग की पुष्प प्रदर्शनी आकर्षण का बड़ा केंद्र रही. यहां सजाए गए 66 प्रजातियों के फूलों ने रंगों की अद्भुत छटा बिखेरी. रेननकुलस, पिटूनिया, एस्टर, डेजी, फ्लोक्स, हेलीक्राइसस (पेपर फ्लॉवर), लाइनम और स्टॉक सहित कई प्रजातियों से बनी सजावटी आकृतियों के साथ लोगों ने सेल्फी ली.

35 स्टॉलों पर परंपरा और आधुनिकता की झलक : विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा कुल 35 स्टॉल लगाए गए हैं. यहां सजावटी सामग्री, रेडीमेड गारमेंट, पूजन सामग्री, लकड़ी के खिलौने, मिट्टी के बर्तन, पॉटरी, माटी कला उत्पाद, मसाले, ड्राई फ्रूट्स, कालीन और दरी की बिक्री हो रही है. रक्षा उत्पादों की प्रदर्शनी में युवाओं की भीड़ उमड़ रही है. इसमें ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की बुलेटप्रूफ जैकेट, कॉम्बैट किट, मल्टी पर्पज किट, विशेष जूते और पानी शुद्धिकरण हाइड्रेशन सिस्टम लोगों की लुभा रहा है. ग्लाइडर्स इंडिया के उत्पाद और आईआईटी की एआई प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

