ETV Bharat / state

बेटे को सरकारी नौकरी का झांसा देकर महिला से लाखों की ठगी, PWD इंजीनियर बताकर दिखाए सपने

नौकरी के लिए दस्तावेज तैयार करने और फाइल आगे बढ़ाने की बात कहकर आरोपी ने महिला से ऐंठे लाखों रुपए.

Bilaspur Woman Defrauded over Four Lakh Rupees
बिलासपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से ठगी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 2:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिला बिलासपुर के थाना कोट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री नैनादेवी क्षेत्र के घवांडल गांव में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. एक व्यक्ति ने खुद को लोक निर्माण विभाग का इंजीनियर बताकर महिला से 4 लाख 56 हजार रुपए ठग लिए. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घवांडल निवासी नीता देवी ने आरोप लगाया है कि फरवरी 2024 में राकेश कुमार निवासी चौपाल, जिला शिमला ने उनसे संपर्क किया. आरोपित ने स्वयं को लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर बताते हुए उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर आरोपित ने महिला का विश्वास जीत लिया और अलग-अलग तिथियों में कुल 4 लाख 56 हजार रुपए अपने बताए गए बैंक अकाउंट में जमा करवा लिए. पीड़िता ने ये राशि अपने खाते के अलावा रिश्तेदारों के खातों से भी ट्रांसफर करवाई.

बेटे को नौकरी लगाने का झांसा देकर हड़पे रुपए

शिकायत में बताया गया है कि आरोपित पिछले दो वर्षों से नौकरी लगने की प्रक्रिया पूरी होने का आश्वासन देता रहा. वह कभी फाइल आगे बढ़ने की बात करता तो कभी नियुक्ति पत्र जारी होने का बहाना बनाता रहा. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, तो महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ. हालात यहां तक पहुंच गए कि अब आरोपी पीड़िता के फोन कॉल तक रिसीव नहीं कर रहा है.

मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, "पुलिस थाना कोट में आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब बैंक खातों के लेनदेन, काल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है. पुलिस टीम सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी."

ये भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस घटनाक्रम पर शिमला पुलिस ने क्या कहा? जानें किस पर हुई FIR

ये भी पढ़ें: कौन हैं IPS अदिति सिंह? जिन्हें बार-बार छुट्टी लेने पर DGP ने सिखाया सबक