बिलासपुर हिंसा: खपरगंज बवाल में हिस्ट्रीशीटर सुहैल खान गिरफ्तार, 18 से ज्यादा आरोपियों पर भी एक्शन
बिलासपुर हिंसा केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 18 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है. संजय यादव की रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : September 2, 2026 at 5:28 PM IST
बिलासपुर: रक्षाबंधन 28 अगस्त की रात को बिलासपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में भारी बवाल हुआ था. यहां दो गुटों के बीच विवाद और हिंसक झड़प में बिलासपुर पुलिस ने तगड़ा एक्शन लिया है. इस केस में पुलिस ने मुख्य आरोपी और बिलासपुर हिस्ट्रीशीटर सुहैल खान को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा पुलिस ने 8 आरोपियों को भी पकड़ा है. खपरगंज बवाल में अब तक कुल 20 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं.
बिलासपुर खपरगंज बवाल, दो पक्षों में हुई थी मारपीट
रक्षाबंधन की रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर पथराव और मारपीट हुई थी. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की थीं. पुलिस ने सुहैल खान को नागपुर से बिलासपुर लौटने के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में पथराव और झड़प में उसकी भूमिका सामने आई है.
बिलासपुर पुलिस ने उपद्रवियों से एक पिस्टल और कट्टा बरामद किया है. इस केस में पुलिस अन्य आरोपियों से घटना के संबंधों मे जानकारी भी जुटा रही है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया गया है. बिलासपुर पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करती है. किसी तरह की अफवाह पर लोग ध्यान न दें- पंकज कुमार पटेल, एएसपी सिटी, बिलासपुर

हिंसा के आरोपियों से हथियार बरामद
बिलासपुर के एएसपी सिटी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कट्टा बरामद किया है. पुलिस ने आरोपियों से पिस्टल समेत अन्य हथियार भी जब्त किए हैं. इस केस में लगातार पुलिस का एक्शन जारी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल बाकी लोगों के पहचान में जुटी है.

