ETV Bharat / state

दर्दनाक सड़क हादसे में 11 साल के बच्चे की मौत, पिता और बहन के साथ मासूम जा रहा था मंदिर

बिलासपुर जिले के घुमारवीं में NH-103 पर एक भीषण सड़क हादसे में 11 साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई.

Truck crushes scooter in Ghumarwin
घुमारवीं में सड़क हादसे में मासूम बच्चे की मौत (CCTV)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 22, 2026 at 6:21 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है. घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत कुलारू में मारुति सर्विस स्टेशन के पास रविवार (22 फरवरी) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. इस दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है.

घुमारवीं में सड़क हादसे में 11 वर्षीय मासूम की मौत

घुमारवीं पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार पुत्र रत्न लाल, निवासी गांव जोल्पलाखी, अपनी स्कूटी (HP 23 E 1253) पर अपने बेटे अभिनव (उम्र- 11 वर्ष) और बेटी इशानी (उम्र- 8 वर्ष) के साथ कांगू माता मंदिर जा रहे थे. इस दौरान जब वे कुलारू के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक (HP 67 7343) ने स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और उस पर सवार तीनों सड़क पर जा गिरे. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने फौरन घायलों को संभाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया. तीनों घायलों को सिविल अस्पताल घुमारवीं लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया.

Truck crushes scooter in Ghumarwin
घुमारवीं में ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर (CCTV)

बहन और पिता को आई हल्की चोटें

पुलिस के मुताबिक, सुनील कुमार और उनकी बेटी इशानी को हल्की चोटें आई थीं, जबकि बेटा अभिनव गंभीर रूप से घायल था. डॉक्टरों ने बालक को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक होने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.

ट्रक और स्कूटी जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा है कि, "पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही ट्रक और स्कूटी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है."

ये भी पढ़ें: आपदा के जख्मों पर मरहम! प्रभावितों के लिए सरकार ने जारी किए ₹8.97 करोड़, जानें किसे और कितना मिलेगा मुआवजा?

ये भी पढ़ें: हाई वोल्टेज ड्रामा! व्हाट्सऐप पर भेजा नोटिस, फिर बागवानों से जमीन खाली कराने पहुंची वन विभाग की टीम