भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन निर्माण के दौरान हादसा, 20 साल के मजदूर की मौत
बिलासपुर के कोट कहलूर में भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन निर्माण के दौरान हादसा पेश आया. इसमें झारखंड के रहने वाले युवक की मौत हो गई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 22, 2026 at 12:15 PM IST
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले स्थित कोट कहलूर में भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन के निर्माण कार्य में जुटी कंपनी की बड़ी लापरवाही सामने आई है. कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते एक 20 वर्षीय युवा मजदूर की ऊंचे पिलर से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. मृतक मजदूर की पहचान एलेक्स बिलुंग (20), पुत्र अनसलेम बिलुंग के रूप में हुई है. मृतक झारखंड के सिमडेगा जिला का रहने वाला था.
बिना सुरक्षा उपकरणों के कराया जा रहा था काम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोट कहलूर क्षेत्र में भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन परियोजना के तहत रेलवे पुल के पिलर का निर्माण कार्य चल रहा है. हादसे के वक्त एलेक्स बिलुंग पिलर पर काम कर रहा था. आरोप है कि कंपनी के ठेकेदार और सुपरवाइजरों ने उसे बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अत्यधिक ऊंचाई वाले पिलर पर चढ़ा दिया. मजदूर के पास न तो सिर ढकने के लिए हेलमेट था, न ही शरीर को पकड़ने के लिए सेफ्टी बेल्ट या नीचे कोई सुरक्षा नेट लगाया गया था.
काम के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से एलेक्स सैकड़ों फीट की ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरा. सिर के बल गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया.
कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों पर आपराधिक मामला दर्ज
घटना के बाद स्थानीय लोगों और साथी मजदूरों में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ भारी रोष है. मजदूरों का कहना है कि निर्माण कंपनी की ओर से कार्यस्थल पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं और मजदूरों से जानलेवा जोखिम के बीच काम करवाया जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि 'मृतक के साथी मजदूरों के बयानों के आधार पर निर्माण कंपनी के प्रबंधन और पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) स्तर के पांच अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और कार्यस्थल पर सुरक्षा में बरती गई कोताही के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.'

