ETV Bharat / state

कमरे में लटका मिला 19 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र का शव, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कर रहा था कांगड़ा का गौरव

पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

SUICIDE CASE BILASPUR
कमरे में लटका मिला 19 वर्षीय पॉलिटेक्निक छात्र का शव (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 7, 2026 at 7:51 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: जिला बिलासपुर के झंडूता क्षेत्र में एक पॉलिटेक्निक छात्र द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. छात्र का शव किराये के कमरे में लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. मृतक की पहचान 19 वर्षीय गौरव, निवासी कच्छेहरा, कांगड़ा के रूप में हुई है. गौरव पॉलिटेक्निक कॉलेज कलोल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का छात्र था और पढ़ाई के चलते कलोल में किराये के कमरे में रह रहा था.

मकान मालिक ने दी पुलिस को सूचना

पुलिस के अनुसार, कलोल निवासी सुभाष चंद पुत्र जसवंत सिंह ने थाना झंडूता को सूचना दी कि उनके मकान में किराये पर रह रहा छात्र अपने कमरे में मृत पड़ा है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था. गौरव का शव छत के पंखे के लोहे के कुंडे से चादर के फंदे के सहारे लटका मिला. शव के नीचे एक प्लास्टिक की कुर्सी रखी हुई थी. पुलिस ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई और शव को नीचे उतारा.

पुलिस की शुरुआती जांच में शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए. मकान मालिक, गवाहों और मृतक के पिता से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी घटना को लेकर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया. कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल घुमारवीं भेज दिया है. प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. थाना तलाई में धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: इंडियन एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनी हिमाचल की बेटी ज्योति, विरासत में मिला देशभक्ति का जज्बा