छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
बिलासपुर में स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर की सुरक्षा सख्त कर दी गई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 25, 2026 at 3:56 PM IST
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ई मेल के जरिए हाईकोर्ट को बम से तबाह करने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही अदालत में न्यायिक कार्रवाई को तुरंत रोक दिया गया. उसके बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. अदालत परिसर में हर आने जाने वालों की कड़ी चेकिंग की जा रही है.
बिलासपुर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे कोर्ट
मिली जानकारी के मुताबिक रोज की तरह सुबह कोर्ट में कामकाज चालू हुआ था. इसी दौरान सभी न्यायाधीश अपने-अपने कोर्ट रूम में प्रकरण को सुनवाई कर रहे थे तभी हाई कोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ई मेल मिला, जिसमें कोर्ट परिसर को बम सए उड़ाने की बात कही गई. सुरक्षागत कारणों को देखते हुए तत्काल कोर्ट में सुनवाई रोक दी गई. बम से कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बिलासपुर के एसपी रजनेश सिंह सहित कई आला अधिकारी हाई कोर्ट परिसर में पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया.
सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. साइबर टीम ईमेल की जांच कर उसके स्रोत को पता लगाने में जुटी है. अभी स्थिति अभी नियंत्रण में है लेकिन एहतियात के तौर हाई कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. मामले की जांच जारी है- रजनेश सिंह, एसपी, बिलासपुर
हाईकोर्ट की सुरक्षा की गई सख्त
बिलासपुर एसपी रजनेश सिंह ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में सुरक्षा अधिकारी और गार्ड्स से बात की. कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर आसपास के इलाकों को बंद कर दिया गया है. बम स्क्वॉड और डाग स्क्वायड की टीम हाईकोर्ट परिसर को सुरक्षित करने में जुटी हुई है.

