बिलासपुर में अब मकान मालिकों और किराएदारों को करना होगा ये काम, वरना होगी सख्त कार्रवाई
प्रवासी महिला हत्याकांड के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. अब मकान मालिकों और किराएदारों के लिए सर्कुलर जारी किया गया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 11, 2026 at 11:23 AM IST
बिलासपुर: ओयल पंचायत के तहत दनोह गांव में प्रवासी महिला की हत्या के बाद अब बिलासपुर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. बिलासपुर पुलिस प्रशासन की ओर से डीसी बिलासपुर राहुल कुमार एक पत्र भेजा जा रहा है. इस पत्र के जरिए जिले भर एक सर्कुलर जारी किया जाएगा, जिसमें ये स्पष्ट निर्देश होंगे कि जिले में रह रहे सभी किराएदारों और प्रवासियों का पूरा रिकॉर्ड प्रशासन और पुलिस के पास दर्ज होना जरूरी है. एसपी बिलासपुर संदीप धवल का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना को रोकने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है.
नियमों की अनदेखी कर रहे लोग
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि "इससे पहले भी कई बार किराएदारों के सत्यापन (verification) को लेकर आदेश जारी किए गए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन बेहद सीमित क्षेत्र तक देखने को मिला है. अभी तक केवल चुनिंदा मकानमालिकों ने ही अपने किराएदारों का नाम-पता प्रशासन या पुलिस के पास दर्ज करवाया है. जबकि अधिकांश लोग नियमों की अनदेखी करते रहे हैं, लेकिन अब इस बार पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि जिले भर में विशेष टीमें गठित कर डोर-टू-डोर जांच अभियान चलाया जाएगा."
प्रवासियों का होगा फिजिकल वेरिफिकेशन
एसपी बिलासपुर ने बताया कि इन विशेष टीमों द्वारा शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे किराएदारों और प्रवासी लोगों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाएगा. एसपी बिलासपुर ने ये स्पष्ट कर दिया है कि अगर किसी मकानमालिक ने प्रशासन को सूचित किए बिना किराएदार रखा हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कारवाई की जाएगी. इसके अलावा किराएदारों द्वारा गलत या अधूरी जानकारी देने पर भी नियमानुसार कारवाई की जाएगी. बिलासपुर शहर में रह रहे सभी किराएदारों का रिकॉर्ड पुलिस के पास दर्ज करना अनिवार्य किया गया है.
प्रवासी महिला की हत्या
गौरतलब है कि बिलासपुर शहर से सटी ओयल पंचायत के तहत आने वाले दनोह गांव में एक प्रवासी महिला की निर्मम हत्या कर दी गई. पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला के पति और देवर को हत्या का आरोपी बताया गया है. आरोपियों ने हत्या के बाद शव को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट लगाकर बंद कर दिया था, ताकि किसी को बदबू न आए. इसके बाद आरोपी मौके फरार हो गए थे. जिन्हें पुलिस द्वारा ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है.

