नगर निकाय चुनाव: जेपी नड्डा के गृह जिला बिलासपुर में कैसा रहा परिणाम? इस पार्टी को बड़ा झटका
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के गृह क्षेत्र घुमारवीं में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 18, 2026 at 3:35 PM IST
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के नगर निकाय चुनावों में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के गृह जिला और पार्टी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले बिलासपुर में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है. नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने साफ संकेत दे दिए हैं कि जिला में अभी भी भाजपा की पकड़ मजबूत बनी हुई है. खास बात यह रही कि राज्य के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के गृह क्षेत्र घुमारवीं में भी कांग्रेस अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई और भाजपा ने करीब 20 साल बाद नगर परिषद में वापसी कर इतिहास रच दिया.
बिलासपुर में भाजपा का दबदबा कायम
नगर परिषद श्री नैना देवी में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 7 में से 5 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. वहीं कांग्रेस केवल 2 सीटों तक सिमट गई. इसके अलावा नगर परिषद घुमारवीं में भाजपा ने 9 में से 6 सीटों पर कब्जा जमाकर कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. नगर परिषद बिलासपुर में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने कई वार्डों में जीत दर्ज कर मजबूत उपस्थिति दिखाई.
चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में जश्न मनाया. कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का उत्सव मनाया गया. भाजपा नेताओं ने इसे प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का जनादेश बताया है.
घुमारवीं में कांग्रेस को बड़ा नुकसान
सबसे ज्यादा चर्चा घुमारवीं नगर परिषद के परिणामों को लेकर रही. यह क्षेत्र तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का गृह क्षेत्र माना जाता है. ऐसे में यहां कांग्रेस की कमजोर स्थिति को राजनीतिक तौर पर बड़ा झटका माना जा रहा है. भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 9 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज कर नगर परिषद में बहुमत हासिल किया. पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने इसे जनता की जीत बताते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने लोगों को केवल वादे दिए, लेकिन जमीन पर काम नहीं किया. उन्होंने कहा कि करीब दो दशक बाद घुमारवीं में भाजपा की नगर परिषद बनने जा रही है, जो पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मंत्री के गृह क्षेत्र में कांग्रेस की कमजोर पकड़ आने वाले समय में पार्टी के लिए चिंता का कारण बन सकती है. वहीं भाजपा इस जीत को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़े संकेत के रूप में देख रही है.
नड्डा के गृह जिला में भाजपा का मजबूत संदेश
बिलासपुर जिला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह जिला होने के कारण हमेशा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है. ऐसे में नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह से जोड़कर देखा जा रहा है. भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि बिलासपुर की तीनों नगर परिषदों और नगर पंचायतों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो चुका है और नगर निकाय चुनावों के नतीजे इसका सबसे बड़ा प्रमाण हैं.
श्री नैना देवी में जीत का जश्न
नगर परिषद श्री नैना देवी में जीत के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य जश्न मनाया. विधायक रणधीर शर्मा विजेता पार्षदों के साथ माता श्री नयना देवी मंदिर पहुंचे और जीत के लिए आशीर्वाद लिया. मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला. रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बन चुका है और जनता अब बदलाव चाहती है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायतीराज चुनावों में भी कांग्रेस की स्थिति कमजोर रहने वाली है.
2027 चुनावों से जोड़कर देखे जा रहे नतीजे
बिलासपुर के नगर निकाय चुनाव परिणामों को अब आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा तय करने वाले संकेतों के रूप में देखा जा रहा है. भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है, जबकि कांग्रेस के भीतर हार को लेकर मंथन शुरू हो गया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि भाजपा इसी तरह शहरी क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखती है, तो 2027 विधानसभा चुनावों में इसका असर साफ दिखाई दे सकता है। वहीं कांग्रेस के लिए यह नतीजे चेतावनी की तरह माने जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: सीएम सुक्खू के गृह जिले में कैसा रहा कांग्रेस का हाल, एक जगह तो खाता भी नहीं खोल पाई पार्टी
ये भी पढ़ें: नगर परिषद कुल्लू में 'निर्दलीय' बने किंगमेकर, BJP-कांग्रेस दोनों को झटका, अध्यक्ष की कुर्सी पर बढ़ा सस्पेंस

