नगर परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, इस जिले में पूर्व पार्षद समेत कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के कई कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी की कार्यशैली से असंतुष्ट हैं. इसलिए वे भाजपा में शामिल होना चाहते हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : April 22, 2026 at 7:19 PM IST
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में नगर परिषद चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा सियासी झटका लगा है. बिलासपुर में पार्टी के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और एक पूर्व पार्षद भाजपा में शामिल हो गए, जिससे चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं. इस घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और भाजपा को मजबूती मिलती दिख रही है.
कांग्रेस को बड़ा झटका
बिलासपुर में चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के तीन प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया. इनमें पूर्व पार्षद अनिल हैप्पी, अजय चंदेल और निर्मला राणा शामिल हैं. यह घटनाक्रम नगर परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है. भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक त्रिलोक जमवाल की मौजूदगी में इन नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया. विधायक ने सभी को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया और कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं.
'कांग्रेस की नीतियों से नाराज कार्यकर्ता'
त्रिलोक जमवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी की कार्यशैली से असंतुष्ट हैं. उन्होंने कहा कि यह तो शुरुआत है और आने वाले समय में कई और नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं. उन्होंने नगर परिषद चुनाव में भाजपा की जीत का दावा भी किया. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक इस दल-बदल से स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं. इससे कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर असर पड़ सकता है, जबकि भाजपा को मजबूती मिलने के संकेत हैं.
बिलासपुर में चुनावी प्रक्रिया शुरू
दूसरी ओर, बिलासपुर जिले के चार नगर निकायों में चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है. कुल 34 वार्डों के लिए 34 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 16,782 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 8,400 पुरुष, 8,381 महिला और 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. नगर परिषद बिलासपुर, घुमारवीं, श्री नैना देवी जी और नगर पंचायत तलाई में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. जिला प्रशासन ने चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के निर्देश जारी किए हैं.
ये भी पढे़ं: RLA बिलासपुर में पंजीकृत हुई 500 गाड़ियां ब्लैकलिस्ट, जानें क्या है ये पूरा मामला

