फोरलेन पर कुल्हाड़ी से हमले का मामला, दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
मंडी भराड़ी चौक पर लुधियाना के सन्नी गिल पर हुए कुल्हाड़ी हमले में एसपी की बड़ी कार्रवाई. दो पुलिस जवान सस्पेंड.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 7:00 PM IST
बिलासपुर: किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी भराड़ी चौक पर दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से हुए हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसपी बिलासपुर ने इस मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान दोनों जवान घटनास्थल के पास मौजूद थे, लेकिन आरोपित को रोकने या पकड़ने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं कर सके.
बुधवार सुबह हुई इस वारदात में पंजाब के लुधियाना निवासी सन्नी गिल गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. घायल उस समय बिलासपुर न्यायालय में पेशी के लिए आ रहा था. प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपित सौरभ पटियाल अपने साथियों के साथ पहले से ही मंडी भराड़ी क्षेत्र में मौजूद था, जैसे ही सन्नी गिल बस से उतरा, उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया. वारदात के बाद आरोपित मौके से कार में सवार होकर फरार हो गया. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है.
थाना में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
इस घटना के बाद पुलिस विभाग ने ड्यूटी पर तैनात दोनों जवानों की भूमिका की समीक्षा की. जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर दोनों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है. विभागीय स्तर पर उनके आचरण और घटना के दौरान की गई कार्रवाई की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने आरोपित सौरभ पटियाल के खिलाफ सदर थाना में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि घायल सन्नी गिल और आरोपित सौरभ पटियाल के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी. वर्ष 2024 में हुए बहुचर्चित गोलीकांड के मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने रहे थे. पुलिस इसी एंगल से भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
दोनों जवान तत्काल प्रभाव से निलंबित
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि 'मंडी भराड़ी में हुए हमले के मामले में आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दोनों पुलिस जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.'

