ETV Bharat / state

बिलासपुर में किसान सम्मेलन, CM साय ने ट्रांसफर की 25.28 लाख किसानों को 10 हजार करोड़ से ज्यादा की राशि

बिलासपुर में वृहद् किसान सम्मेलन आयोजित किया गया है. यहां मुख्यमंत्री ने 263 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया.

Bilaspur kisaan sammelan
बिलासपुर में वृहद् किसान सम्मेलन, CM ने कई विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 28, 2026 at 2:34 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: CM विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए हैं. यहां उन्होंने जिले में 263 करोड़ 16 लाख 81 हजार रुपये की लागत के कुल 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इनमें 15 करोड़ 98 लाख 53 हजार रुपये की लागत से तैयार 7 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 247 करोड़ 18 लाख 28 हजार रुपये की लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास किया गया.

बिलासपुर जिले के बिल्हा में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, किसानों को राशि ट्रांसफर (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को राशि ट्रांसफर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324.84 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि अंतरित की. इसमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई. इस अवसर पर वृहद किसान सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए.

हमारी सरकार किसान हितैषी है, किसानों की चिंता करते हुए उनके लिए प्रगतिशील योजनाएं ला रहे हैं, होली का त्योहार अच्छे से बनाएं इसलिए होली के पूर्व ये राशि प्रदान की जा रही है- विष्णुदेव साय, मुख्यमंत्री

जांजगीर-चांपा में भी किसान खुश

राज्य सरकार ने होली से पहले धान बोनस देकर किसानों के चेहरे और परिवार मे खुशियां बिखेर दी है, जांजगीर चाम्पा जिले के भी 1 लाख 24 हजार से अधिक किसानों को 450 करोड़ रुपए से अधिक राशि एक मुश्त ट्रांसफर की गई. बिलासपुर जिले के रहंगी गांव मे पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश भर के किसानों से वर्चुअल संवाद किया. नवागढ़ ब्लॉक के भैसमुड़ी गांव के किसान समर्थ सिंह से भी मुख्यमंत्री ने बात की. किसान ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर की राशि 1 लाख 40 हजार रुपये करीब मिली है. इस राशि का उपयोग बच्चे की शिक्षा के साथ खेती को आगे बढ़ाने के लिए करेंगे.

कांग्रेस विधायक भी मंच पर रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के साथ भाजपा के पदाधिकारियों और कांग्रेसी विधायक व्यास कश्यप ने भी मंच साझा किया. उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद कांग्रेस के मुख्यमंत्री अजित जोगी ने धान खरीदी की शुरुआत की, फिर रमन सिंह और फिर से कांग्रेस अब विष्णुदेव सरकार भी धान खरीद रही है. ये किसानों के लिए अच्छी बात है.

दुर्ग में भी खुशियां

दुर्ग के विवेकानंद भवन में कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. वहीं एक किसान विनोद चंद्राकर ने बताया कि खाते में राशि आते ही होली का त्योहार और भी खास हो गया है. उन्होंने कहा कि इस रकम से बच्चों की स्कूल फीस जमा करेंगे, कुछ कर्ज चुकाएंगे और त्योहार भी धूमधाम से मनाएंगे. विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय किसान हित में लगातार कार्य कर रहे हैं. होली से पहले पैसा मिलने से बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी और व्यापार को गति मिलेगी.

Bilaspur kisaan sammelan
263 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

स्वास्थ्य, सिंचाई और पुल निर्माण कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में जिले के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया. इनमें प्रमुख रूप से रतनपुर-कोटा-लोरमी मार्ग के चांपा नाला पर 3.51 करोड़ रुपये की लागत से बना पुल शामिल है. इसके अलावा तखतपुर में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मस्तूरी के लुथरा में 75 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण हुआ. इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

इन कार्यों का लोकार्पण

  • खारंग जलाशय में स्पील चैनल और प्रोटेक्शन वॉल निर्माण कार्य
  • बिल्हा ब्लॉक में देवकिरारी और परसदा (उमरिया) में स्टॉपडेम निर्माण
  • मोहतरा वितरक नहर की लाइनिंग एवं मरम्मत कार्य
Bilaspur kisaan sammelan
मुख्यमंत्री ने 263 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण कार्य

लोक निर्माण विभाग की ओर से कई प्रमुख सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया गया. इनमें सीपत-बलौदा-कोरबा मार्ग, हथनी-नवागांव-गोड़ी-उड़गन मार्ग, मोपका-खैरा-गतौरा-जयरामनगर मार्ग, नेवसा-गढ़वट मार्ग, सोनसरी-मुकुंदपुर मार्ग सहित कई अन्य संपर्क मार्ग शामिल हैं. इन सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा तथा व्यापार और परिवहन को बढ़ावा मिलेगा.

साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत भी जिले के कई गांवों को जोड़ने वाली सड़कों का लोकार्पण किया गया है. इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और विकास को गति मिलेगी.इसके अलावा पीएम जनमन योजना के तहत दारसागर से झरना (बैगामोहल्ला) तक सड़क निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया.

उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण

सेतु निर्माण संभाग के तहत कई नदियों पर उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण किया गया. इनमें मनियारी नदी, घोंघा नदी, खारून नदी, अरपा नदी और शिवनाथ नदी पर बने पुल शामिल हैं. इन पुलों के शुरू होने से बरसात के दौरान आवागमन में होने वाली परेशानी दूर होगी और दूरस्थ गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

Bilaspur kisaan sammelan
बिलासपुर में किसान सम्मेलन में शामिल हुए CM साय (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई सौगात

आदिवासी विकास विभाग के तहत कोटा विकासखंड के कई क्षेत्रों में आदिवासी बालक आश्रम और छात्रावास भवनों का लोकार्पण किया गया. वहीं तखतपुर में 9 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नवीन मातृ-शिशु अस्पताल, बिलासपुर में 13 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से फिजियोथेरेपी महाविद्यालय और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी लोकार्पण किया गया.

नगरीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास

बिल्हा नगर पंचायत क्षेत्र में सियान सदन, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, नाली निर्माण, हाईमास्ट लाइट, बस स्टैंड निर्माण, रोड चौड़ीकरण, फुटपाथ और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण किया गया. इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं मिलेंगी.

विकास को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान और युवाओं के विकास को प्राथमिकता देना है. आज किए गए लोकार्पण और भूमिपूजन से जिले में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी.

छत्तीसगढ़ में बड़ी भर्ती पर बोले सीएम साय , पांच हजार टीचर्स को मिलेगी नौकरी, शिक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
दुर्ग में CM साय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन में हुए शामिल, कहा- नया रायपुर में बनेगी अकादमी
बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और कार की सीधी टक्कर, चार लोगों की मौत