ETV Bharat / state

बिलासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध कैप्सूल बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 6890 कैप्सूल जब्त किए. साथ ही ड्रग्स विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है.

ILLEGAL CAPSULES SEIZED BILASPUR
बिलासपुर में भारी मात्रा में अवैध कैप्सूल बरामद (IANS)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 19, 2026 at 7:17 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कैप्सूल बरामद किए हैं. यह दवा बिना किसी वैध बिल या दस्तावेज के ले जाई जा रही थी. पुलिस ने मामला ड्रग्स विभाग को सौंप दिया है और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार, सदर थाना की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि फोरलेन मार्ग से अवैध दवाइयों की खेप गुजरने वाली है. सूचना के आधार पर पट्टा क्षेत्र में नाकाबंदी की गई. इसी दौरान एचपी 12एन 2815 नंबर की कार को जांच के लिए रोका गया. तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में प्रेगाबालिन 300 एमजी के 6890 कैप्सूल बरामद हुए.

बिना बिल दवाइयां जब्त

जब पुलिस ने कार सवार व्यक्तियों से दवाइयों के बिल और अन्य दस्तावेज मांगे तो वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने तुरंत दवाइयों को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की. अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवा व्यक्तिगत उपयोग के लिए नहीं हो सकती, इससे सप्लाई की आशंका मजबूत होती है. कार में सवार दो व्यक्तियों की पहचान सुखविंद्र सिंह (33), निवासी नालागढ़, जिला सोलन और मंजीत सिंह (35), निवासी आनंदपुर साहिब, पंजाब के रूप में हुई है. दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि दवाइयां कहां से लाई गई थीं और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था.

नशे के लिए दवाइयों का दुरुपयोग

प्रेगाबालिन सामान्यतः तंत्रिका संबंधी रोगों और दर्द के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली दवा है. लेकिन हाल के समय में इसका नशे के रूप में दुरुपयोग बढ़ा है. पुलिस और ड्रग्स विभाग को आशंका है कि बिलासपुर जिला में इस दवा का अवैध व्यापार फैल रहा है.

ड्रग्स विभाग ने दर्ज किया मामला

सदर थाना ने प्राथमिक जांच के बाद पूरा मामला ड्रग्स विभाग बिलासपुर को सौंप दिया है. ड्रग्स इंस्पेक्टर अंजना देवी ने बताया कि 6890 कैप्सूल जब्त किए गए हैं और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है.

एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा, "नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने का प्रयास कर रही है."

ये भी पढ़ें: CM की घोषणा के बावजूद नहीं मिली मदद, आपदा में बेघर हुए प्रभावितों का कैसे बनेगा आशियाना?