बिलासपुर में लूटकांड, मिर्जापुर में धांय धांय, पढ़िए एनकाउंटर की इनसाइड स्टोरी
बिलासपुर में सर्राफा कारोबारी से लूटकांड के आरोपी यूपी के मिर्जापुर से गिरफ्तार किए गए हैं. जानिए कैसे अपराधी शिकंजे में आए

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 19, 2026 at 10:21 PM IST
बिलासपुर: बुधवार को बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स को निशाना बनाने वाले आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए. लूटकांड में शामिल चारों आरोपी यूपी (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किए गए हैं. बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपराधियों के पकड़े जाने का खुलासा किया है.
लूटकांड के बाद यूपी भाग गए थे आरोपी
बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि न्यायधानी में ज्वेलर्स लूटकांड के बाद आरोपी यूपी फरार हो गए थे. जिसमे चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश की पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. यह एनकाउंटर मिर्जापुर जिले के हरौरा थाना क्षेत्र में हुई है. मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस ऑपरेशन में यूपी पुलिस का एक जवान घायल हुआ है.
बिलासपुर पुलिस ने यूपी पुलिस को दी जानकारी
बिलासपुर पुलिस को आरोपियों के यूपी भागने की जानकारी मिली तो उत्तरप्रदेश पुलिस को सूचना दी गई. इसी बीच वहां के पुलिस को मिर्जापुर के हरौरा थाना क्षेत्र के जंगल में कुछ संदिग्ध लोग छिपे होने की जानकारी लगी तब घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया. मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी जबकि पुलिस की एक सिपाही इसमे घायल हो गया.
आरोपियों को बिलासपुर लाने की तैयारी
पकडे़ गये मुख्य आरोपी का नाम विजय लांबा है. वह दिल्ली के द्वारका का रहने वाला है. इस आरोपी के खिलाफ 67 से अधिक अपराधिक मामले दर्ज है. इसके अलावा मोनू, करीम खान और विनोद नाम के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है. शुरूआती पूछताछ मे यह पता चला है कि आरोपी जंगल के भीतर होकर बिहार भागने की फिराक में थे. समय सहते पुलिस की सतर्कता से सभी आरोपी पकड़े गए. तलाशी के दौरान उनके पास से लूटा गया सोना भी पुलिस ने बरामद किया है. पकडे गये आरोपियों से पूछताछ चल रही है. अंदेशा यह भी जताई जा रही है कि इस लूटकांड में और लोग शामिल हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाने की तैयारी कर रही है.
कैसे लूट की घटना को दिया अंजाम ?
बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर कुछ बदमाशों ने कार से घर जा रहे ज्वेलर्स कारोबारी सतीश तिवारी को सुनसान सड़क पर रोक लिया. इसी बीच आरोपियों ने उनके सिर पर पिस्टल की बट और हथौडी से हमला कर दिया. जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए. उसके बाद ज्वेलरी से भरा बैग और कार लूटकर फरार हो गए. बाद में पुलिस ने वहां से 10 नग जिंदा कारतूस व हथौड़ा बरामद किया था। मामले मे लूटी हुई कार को आरोपियों ने उरतुम गांव के पास छोड़ दिया और यूपी के लिए निकल गए.

