दवाओं के नाम पर 'जहर' का कारोबार! बिलासपुर में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद
बिलासपुर में ड्रग्स विभाग ने दो मामलों में बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 20, 2025 at 11:46 AM IST
बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है. साई ब्रह्मणा क्षेत्र में ड्रग्स विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक रिहायशी मकान से प्रतिबंधित और एक्सपायरी दवाओं की बड़ी खेप बरामद की गई है. इस कार्रवाई ने नशे और अवैध दवा कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ड्रग्स विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि साई ब्रह्मणा क्षेत्र के साई खारसी गांव में एक व्यक्ति बिना किसी वैध लाइसेंस और अनुमति के अपने घर से ही प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर शुक्रवार को पुलिस और ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित मकान पर छापा मारा.
घर से मिली प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से निकोजार एमएनटी की 1700 गोलियां और एबी-2 किट की 15 स्ट्रिप बरामद कीं. जांच में यह भी सामने आया कि निकोजार एमएनटी दवा की मियाद समाप्त हो चुकी थी और इसके बावजूद इन्हें बेचने की तैयारी की जा रही थी, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है.
मेडिकल स्टोर होते हुए भी घर से कारोबार
आरोपी राकेश का साई खारसी में एक मेडिकल स्टोर भी है. इसके बावजूद वह बिना किसी वैध अनुमति के अपने रिहायशी मकान से प्रतिबंधित दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा था. मकान के आसपास अक्सर ट्रकों की आवाजाही और जमावड़ा लगे रहने से विभाग को पहले से ही अवैध गतिविधियों की आशंका थी.
ड्रग इंस्पेक्टर अंजना ने बताया, "आरोपी के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर लिया गया है. पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं."
घुमारवीं में भी ड्रग कंट्रोल का शिकंजा
इसी क्रम में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत घुमारवीं क्षेत्र में भी ड्रग कंट्रोल विभाग ने पुलिस की सहायता से कार्रवाई की. शुक्रवार देर शाम घुमारवीं बाजार, अबधानीघाट और कोठी क्षेत्र में कुल चार मेडिकल स्टोरों की जांच की गई.
नशीले कैप्सूल मिलने पर मेडिकल स्टोर सील
जांच के दौरान कोठी गांव के एक मेडिकल स्टोर से 390 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने स्टोर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
ड्रग इंस्पेक्टर दिनेश गौतम ने बताया, "प्रदेश में नशे और अवैध दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. आने वाले दिनों में छापों की संख्या बढ़ाई जाएगी. उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना विभाग को देने की अपील की है."
ये भी पढ़ें: 'विधायक का करीबी रिश्तेदार चिट्टे के साथ गिरफ्तार', दो दिन पहले ही हुई थी एंटी चिट्टा वॉकथॉन

