बजरी के डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, ग्रामीणों ने मोर्चरी पर किया प्रदर्शन, मुआवजे की मांग
ग्रामीणों की मांग है कि मृतक युवक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए.

Published : May 7, 2026 at 2:24 PM IST
भीलवाड़ा: बजरी से भरे एक बेकाबू डंपर ने बुधवार देर रात भीलवाड़ा–कोटा राजमार्ग पर अगरपुरा गांव में एक बाइक को चपेट में ले लिया. इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इस मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि हमने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों से समझाइश की जा रही है. हमारा प्रयास है कि जल्द ही पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. गुरुवार दोपहर तक ग्रामीण महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग करने लगे. सूचना पर सदर थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश कर मामला शांत किया.
पढ़ें: भीलवाड़ा में रफ्तार का कहर: डंपर की टक्कर से 8 महीने के मासूम सहित 3 की मौत, 2 घायल
घटना के बाद मोर्चरी पहुंचे करणी सेना के प्रदेश महासचिव विरेंद्र सिंह ने कहा कि आए दिन बजरी माफिया के वाहनों की रफ ड्राइविंग से हादसे से हो रहे हैं. हमारी मांग है कि बजरी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ ही 50 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए. वहीं गांव के ही बद्रीलाल जाट ने कहा कि हमारे गांव का एक युवा अकाल मौत का शिकार बन गया. हम चाहते हैं कि बजरी माफिया पर कारवाई हो. मृतक के परिजनों को मुआवजा मिले, साथ ही जो दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, उनके भी परिजनों को मुआवजा मिले.


