ETV Bharat / state

नूंह में बाइक चोरी कर फिरौती वसूलने का आरोपी गिरफ्तार, 5 बाइक बरामद

बीते 2 दशकों से बाइक चोरी कर फिरौती वसूलने के आरोपी को 5 बाइक के साथ नूंह पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

5 BIKES RECOVERED IN NUH
बाइक चोरी कर फिरौती वसूलने के आरोपी को 5 बाइक के साथ गिरफ्तार (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : April 18, 2026 at 5:44 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नूंह: वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है. जिला पुलिस ने एक ऐसे वाहन चोर को गिरफ्तार किया है जो वाहन छोड़ने के बदले में फिरौती लेता था. वाहन चोरी सरगना का नेटवर्क पलवल, नूंह जिले में पूरी तरह फैला हुआ था. पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के आदेश पर एवीटी स्टाफ नूंह ने कार्रवाई की है.

चोरी की बाइक से खुला राजः एडिशनल एसपी शशि शेखर ने बताया कि "16 अप्रैल को पुलिस टीम ने बाइक चोरी के दौरान ओसमा उर्फ बिलाल पुत्र जुबेर उर्फ भूत निवासी रूपड़ाका, जिला पलवल को एक चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया. जांच के दौरान मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की पुष्टि करने पर यह थाना सदर नूंह में दर्ज मुकदमा से संबंधित पाई गई. आरोपी के कब्जे से कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद की गई है."

नूंह में बाइक चोरी कर फिरौती वसूलने का आरोपी गिरफ्तार (Etv Bharat)

दिल्ली और हरियाण के कई थानों में दर्ज हैं मामलेः गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 17 अप्रैल को अदालत नूंह में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया. रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तावडू (नूंह) और दिल्ली क्षेत्र से चोरी की गई कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनका संबंध विभिन्न मामलों से है. बाइक चोरी के मामले सिटी तावडू, सदर तावडू, केशवपुरम दिल्ली तथा नेबी सराय दिल्ली थानों में दर्ज हैं.

आरोपी 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा गया: बरामद सभी मोटरसाइकिलों को थाना सदर नूंह में जमा कराया गया है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को चुराकर उनके बदले में रुपए लेकर छोड़ने का काम करता था. इस खुलासे के बाद पुलिस अब इस पूरे गिरोह और इसके अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है. इसके अतिरिक्त एक अन्य मामले में भी आरोपी की निशानदेही पर आगे बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी. आरोपी को आज नियम अनुसार अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

बाइक चोरी के खिलाफ लगातार चल रहा है अभियानः नूंह पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है और पुलिस का कहना है कि "भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी. खास बात यह है की जमालगढ़ गांव में चोरी की गई बाइक की फिरौती का काम खुलेआम किया जाता है. जल्द ही पुलिस की कार्रवाई वहां भी देखने को मिल सकती है.

ये भी पढ़ें-अंबाला में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 गिरफ्तार, 9 बाइक बरामद