ETV Bharat / state

रुड़की में बाइक सवार की दर्दनाक मौत, विकासनगर में बेकाबू डंपर ने कई भैसों को रौंदा

रुड़की के पिरान कलियर में बाइक सवार की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत, विकासनगर में डंपर ने वन गुर्जरों की भैंसों को रौंदा

Roorkee Bike Rider Died
दिवंगत सावन (फाइल फोटो- Family Members)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 27, 2026 at 4:20 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की/विकासनगर: हरिद्वार जिले में कलियर थाना क्षेत्र के धनौरी-बहादराबाद मार्ग पर बाइक सवार युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया. हादसा होते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे. जहां उन्होंने देखा कि बाइक सवार सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा हुआ है, जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर, विकासनगर में तेज रफ्तार डंपर ने वन गुर्जरों के कई भैंसों को रौंद दिया.

पिरान कलियर क्षेत्र में बाइक हादसे में युवक की मौत: बता दें कि 27 फरवरी यानी शुक्रवार के दिन पिरान कलियर थाना में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा होते ही आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन लोगों के पहुंचने से पहले ही चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी.

लोगों ने पुलिस को बताया कि धनौरी से बहादराबाद जाने वाले मार्ग पर एक बाइक सवार घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ है और उसके सिर पर गहरी चोट लगी हुई है, उसके घाव से काफी खून बह रहा है, उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे पड़ी हुई है. यह सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

इसके साथ ही गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवाया गया, जहां पर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा है कि युवक अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर किसी काम से जा रहा था, जैसे वो धनौरी-बहादराबाद मार्ग पर स्थित बने तिरछे पुलिस के पास पहुंचा, वैसे ही उसके साथ हादसा हो गया.

हादसे में मौत-

  1. सावन पुत्र राजेश (उम्र 19 वर्ष) निवासी- नागल पलूनी, कलियर, हरिद्वार

उधर, बाइक सवार सावन की मौत के बाद से ही उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. साथ ही उसके मौत पर गांव में भी मायूसी छाई हुई है. बताया जा रहा है कि सावन की इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर आईडी है, जिसमें उसमें खुद को एक बाइक राइडर बताया है. मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

"प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि उसे कोई अज्ञात वाहन टक्कर मारकर गया है. घटना की सभी पहलुओं पर जांच पडताल की जा रही है. शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी."- रविंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक, थाना पिरान कलियर

विकासनगर में डंपर ने वन गुर्जरों के कई भैंसों को रौंदा: इधर, विकासनगर क्षेत्र में देहरादून-पावंटा साहिब हाईवे पर तडके सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां शिमला बाइपास आदूवाला स्थित एक ढाबे के पास खनन से भरे तेज रफ्तार डंपरों ने सड़क किनारे जा रहे वन गुर्जरों के पशुओं के झुंड को बेहरमी से कुचल दिया. जिसमें 5 भैंसों की मौके पर मौत हो गई. जबकि, एक गाय और तीन भैंसे गंभीर रूप से घायल हो गई.

अन्य पशुओं को भी हल्की चोटें आई है. घटना सुबह करीब 5 बजे के आसपास की है. जब वन गुर्जर यूसुफ निवासी शाहपुर कल्याणपुर अपने छोटे-बडे़ कुल 15 पशुओं को लेकर हिमाचल प्रदेश की तरफ से लौट रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपरों ने उसकी पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में साथ चल रहे गुर्जर परिवार के लोग बाल-बाल बचे.

वहीं, हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पंहुची और घायल पशुओं के उपचार व पोस्टमार्टम के लिए पशुचिकित्सक की टीम मौके पर रवाना की गई है. स्थानीय निवासी विपिन चौहान ने घटना पर रोष जताते हुए शासन प्रशासन से की है कि बेलगाम वाहनों पर अंकुश लगाया जाए. साथ ही पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए. फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान कर रही है.

"मृत पशुओं को दफना दिया गया है और घायल पशुओं का उपचार पशु चिकित्सा अधिकारी की ओर से किया गया है. मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी."- चंद्रशेखर नौटियाल, उपनिरीक्षक, विकासनगर कोतवाली

ये भी पढ़ें-